बिक्रमगंज के बाद अब पूरे बिहार में अवैध बूचड़खानों पर कार्रवाई की तैयारी? दिनारा विधायक ने किया बड़ा ऐलान
बिक्रमगंज तेंदुनी चौक पर दिनारा विधायक का भव्य स्वागत | Prabhat Khabar Network
दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह ने बिक्रमगंज में अवैध बूचड़खानों पर कार्रवाई के बाद अब पूरे बिहार में इस अभियान को चलाने का ऐलान किया है. उन्होंने कहा है कि उनके रहते कहीं भी अवैध बूचड़खाना संचालित नहीं होने दिया जाएगा.
Sasaram News: बिक्रमगंज में अवैध बूचड़खानों के खिलाफ हुई कार्रवाई के बाद अब यह मुद्दा बिहार की राजनीति में और जोर पकड़ता दिख रहा है. दिनारा विधायक सह राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने ऐलान किया है कि बिक्रमगंज से शुरू हुआ अभियान अब सासाराम, चैनपुर, कोआथ समेत पूरे बिहार तक ले जाया जाएगा.
विधायक ने साफ कहा कि उनके रहते कहीं भी अवैध बूचड़खाना संचालित नहीं होने दिया जाएगा. उन्होंने प्रशासन से भी ऐसी गतिविधियों की शिकायत मिलने पर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई करने की अपील की.
विधायक ने क्या कहा?
मंगलवार को वीर कुंवर सिंह महाविद्यालय, धारूपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान विधायक आलोक कुमार सिंह ने अवैध बूचड़खानों के मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट किया.
उन्होंने कहा कि गाय हमारी राष्ट्रीय माता है और गोहत्या किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने सड़कों पर खुलेआम पशुओं को ले जाने को लेकर भी चिंता जतायी.
विधायक ने दावा किया कि उन्होंने बिहार विधानसभा में भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था. इसके बाद स्थानीय प्रशासन की ओर से बिक्रमगंज नगर परिषद समेत कई इलाकों में कार्रवाई की गयी, छापेमारी की गयी और संबंधित लोगों को नोटिस जारी किये गये.
बिक्रमगंज में कार्रवाई के बाद अब आगे क्या?
आलोक कुमार सिंह के अनुसार, प्रशासन की कार्रवाई के बाद बिक्रमगंज में अवैध रूप से संचालित मांस केंद्रों और बूचड़खानों को बंद कराया गया है.
उन्होंने कहा कि अब अभियान को केवल बिक्रमगंज तक सीमित नहीं रखा जाएगा. सासाराम, चैनपुर और कोआथ सहित बिहार के अन्य क्षेत्रों में भी अवैध बूचड़खानों के खिलाफ कार्रवाई के लिए आवाज उठायी जाएगी.
विधायक ने कहा कि जहां कहीं भी अवैध रूप से बूचड़खाने या मांस केंद्र संचालित होने की शिकायत मिले, वहां कानून के अनुसार तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि कानून के दायरे में रहकर अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाना उनकी प्राथमिकता है.
डीएम और अनुमंडलीय प्रशासन का जताया आभार
विधायक ने बिक्रमगंज में हुई कार्रवाई के लिए रोहतास के जिलाधिकारी और बिक्रमगंज के अनुमंडलीय प्रशासन का आभार जताया.
उन्होंने कहा कि प्रशासन की जमीनी कार्रवाई से अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगा है. साथ ही पशुओं के अवैध कारोबार को लेकर भी सख्ती बढ़ी है.
आलोक कुमार सिंह ने दावा किया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से भी इस दिशा में सहमति व्यक्त की गयी है.
कॉलेज में विधायक का हुआ भव्य स्वागत
इससे पहले मंगलवार को दिनारा विधायक वीर कुंवर सिंह महाविद्यालय, धारूपुर पहुंचे. यहां भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. मनीष रंजन के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने उनका स्वागत किया.
डॉ. मनीष रंजन ने विधायक को फूल-माला पहनाकर, अंगवस्त्र और तलवार भेंट कर सम्मानित किया.
मौके पर महाविद्यालय के प्राचार्य सुरेंद्र कुमार सिंह, नंद कुमार सिंह, मुखिया अमित राय, लव सिंह, दीनानाथ राय, पूर्व सभापति विकास सिंह, सरोज सिंह, पैक्स अध्यक्ष मनीष सिंह, मदन प्रसाद वैश्य, अरविंद तिवारी, पूर्व मुखिया विनोद सिंह, सुनील सिंह, प्रो. मनमोहन तिवारी सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए