रोहतास: साइकिल से कोचिंग पढ़कर घर लौट रहा था 10वीं का छात्र, रास्ते में गिरा ठनका; इकलौते बेटे की मौत से मचा कोहराम

Updated:
विज्ञापन

रोते बिल्खते परिजन | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

इंद्रपुरी के डिलियां नहर पुल के पास आकाशीय बिजली गिरने से 14 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। कोचिंग से घर लौटते समय हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम।

विज्ञापन

Sasaran News: जिले के इंद्रपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत घनीबिगहा डिलियां नहर इलाके में सोमवार की शाम कुदरत का कहर देखने को मिला. तेज गरज के साथ गिरी आकाशीय बिजली (ठनका) की चपेट में आने से 14 वर्षीय स्कूली छात्र की दर्दनाक मौत हो गई. छात्र डेहरी स्थित कोचिंग संस्थान से पढ़ाई पूरी कर साइकिल से अपने गांव लौट रहा था. अचानक हुए इस हादसे से इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार की खुशियां पल भर में मातम में तब्दील हो गईं.

विज्ञापन

कोचिंग से साइकिल पर लौटते समय हुआ हादसा

मृतक छात्र की पहचान इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के भलुआड़ी गांव निवासी हरेराम शर्मा के 14 वर्षीय पुत्र कृष्णा शर्मा के रूप में हुई है. वह डेहरी स्थित अरविंद एकेडमी में 10वीं कक्षा का छात्र था. सोमवार की शाम ट्यूशन समाप्त होने के बाद वह अपनी साइकिल से घर के लिए निकला था. जैसे ही वह घनीबिगहा स्थित डिलियां नहर पुल से करीब दो सौ मीटर दक्षिण की ओर पहुंचा, अचानक जोरदार आवाज के साथ उस पर आकाशीय बिजली गिर पड़ी.

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

ठनका की सीधी चपेट में आने से कृष्णा साइकिल से नीचे गिर पड़ा और तड़पने लगा. तेज आवाज और रोशनी देखकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े और शोर मचाते हुए घटना की सूचना उसके परिजनों को दी. खबर मिलते ही बदहवास परिजन मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से उसे आनन-फानन में इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल डेहरी ले जाया गया. हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद ही उसे मृत घोषित कर दिया.

रोते बिल्खते परिजन | Prabhat Khabar Network
रोते बिल्खते परिजन | Prabhat Khabar Network

दो बहनों का इकलौता भाई था कृष्णा

मृतक छात्र के पिता हरेराम शर्मा मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं. परिवार में दो बेटियों सोनम कुमारी और पल्लवी के बीच कृष्णा इकलौता बेटा और सबसे बड़ा भाई था. शांत और होनहार स्वभाव के बेटे की असमय मौत से मां खुशबू देवी, पिता और दोनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बेटे का शव घर पहुंचते ही पूरे भलुआड़ी गांव में चीख-पुकार मच गई और पूरे माहौल में मातम छा गया.

पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा शव

घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और परिजनों द्वारा मामले की सूचना पुलिस को दी गई. इंद्रपुरी थाने के एसआई संतोष कुमार ने बताया, "डिलियां नहर पुल से 200 मीटर दक्षिण में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से भलुआड़ी निवासी हरेराम शर्मा के 14 वर्षीय पुत्र कृष्णा शर्मा की मौत हो गई है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है."

Also Read: रोहतास: नासरीगंज रेफरल अस्पताल में एसडीएम का औचक निरीक्षण, अवैध क्लिनिक और जांच केंद्रों पर नकेल कसने का आदेश

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन