रोहतास में 7,990 लीटर शराब कांड में ज्वेलर्स गिरफ्तार, तहखाने वाली ट्रॉली ने खोले तस्करी के बड़े राज

Author Ashok kumar|Edited by Vivek Singh
Updated:
विज्ञापन

अकोढ़ीगोला थाना परिसर में पीसी करते डीएसपी व अन्य पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network

रोहतास के अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र में 7,990 लीटर अंग्रेजी और देसी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई है. पुलिस ने एक सोने-चांदी के कारोबारी को गिरफ्तार किया है, जो गुप्त तहखाने वाली ट्रॉली का इस्तेमाल तस्करी के लिए कर रहा था.

विज्ञापन

Akodhigola Liquor Seizure Case : रोहतास के अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र में करीब 7,990.21 लीटर अंग्रेजी और देसी शराब की बड़ी खेप बरामद होने के मामले में पुलिस ने एक सोने-चांदी के कारोबारी को गिरफ्तार किया है. रविवार को थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में डीएसपी गौतम यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित बांक निवासी नथुनी सेठ का पुत्र प्रिंस कुमार है, जो बराढ़ी गोला राजपुर रोड पर ज्योति ज्वेलर्स के नाम से दुकान चलाता है. पुलिस को देखते ही वह छत के रास्ते भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन टीम ने उसे दबोच लिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

Rohtas News : निर्माणाधीन मकान से मिली 7,990 लीटर शराब

डीएसपी ने बताया कि शनिवार को राजपुर रोड स्थित कोल्हाई वरूना गांव के एक निर्माणाधीन मकान में छापेमारी के दौरान 7,990.21 लीटर अंग्रेजी और देसी शराब बरामद की गई. जब्त शराब में इम्पीरियल ब्लू, रॉयल ग्रीन, रॉयल स्टैग, किंगफिशर स्ट्रांग बीयर, रॉयल झारखंड डीलक्स लिकर और छबीला स्पेशल कंट्री लिकर शामिल हैं. मामले में मकान मालिक समेत चार लोगों को नामजद किया गया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है.

Sasaram News : तहखाने वाली ट्रॉली ने बढ़ाया शक

छापेमारी के दौरान बरामदगी स्थल के पास एक लाल रंग का लावारिस महिंद्रा ट्रैक्टर भी मिला. पुलिस जब ट्रैक्टर को थाना लाई तो उसकी ट्रॉली में विशेष रूप से बनाया गया एक गुप्त तहखाना मिला. पुलिस का मानना है कि इस तहखाने का इस्तेमाल शराब की तस्करी के लिए किया जाता था. पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है.

गुप्त सूचना पर हुई थी बड़ी कार्रवाई

डीएसपी के अनुसार मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग, पटना से मिली गुप्त सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष राकेश गोसाईं के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. मजिस्ट्रेट के रूप में प्रखंड कृषि पदाधिकारी बलदाऊ पटेल की मौजूदगी में छापेमारी की गई, जिसमें भारी मात्रा में शराब जब्त की गई. पुलिस का दावा है कि इस कारोबार के पीछे एक संगठित सिंडिकेट सक्रिय था, जिसकी कड़ियां खंगाली जा रही हैं.

इलाके में चर्चा का विषय बनी शराब की सबसे बड़ी बरामदगी

अकोढ़ीगोला में अब तक की सबसे बड़ी शराब बरामदगी को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. स्थानीय लोगों का दावा है कि कई दिनों से ट्रैक्टर की मदद से शराब की तस्करी की जा रही थी और ट्रॉली में बने तहखाने का इस्तेमाल इसी काम के लिए किया जाता था. हालांकि पुलिस ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है और कहा है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन