डोरीगंज में NH-19 पर सड़क हादसा: अज्ञात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, शादी से दो माह पहले बुझा घर का चिराग

Updated:
विज्ञापन

सड़क जाम करते ग्रामीण | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

छपरा के डोरीगंज में ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत. नवंबर में होनी थी शादी, परिजनों में मचा कोहराम. आक्रोशित लोगों ने एनएच-19 को किया जाम.

विज्ञापन

Road Accident In Saran: छपरा-पटना मुख्य मार्ग एनएच-19 फोरलेन पर लाल बाजार के समीप गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर बैठा दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया.

विज्ञापन

मृतक की पहचान सारण जिले के नयागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्तूरी चक निवासी पवन महतो के 29 वर्षीय पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है.

लाल बाजार के पास अज्ञात ट्रक ने मारी टक्कर

घटना गुरुवार सुबह लगभग 10:30 बजे की बताई जा रही है. विकास कुमार अपने एक साथी के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहा था. जैसे ही वे लाल बाजार के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.

मौके पर तोड़ा दम

टक्कर इतनी भीषण थी कि विकास कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं, बाइक पर पीछे बैठा दूसरा युवक छिटककर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार जारी है.

परिजनों में मचा कोहराम, नवंबर में तय थी शादी

परिजनों ने बताया कि विकास कुमार छपरा स्थित एक निजी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था. इसी वर्ष नवंबर महीने में उसकी शादी तय हुई थी, जिसको लेकर पूरे परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल था. शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं, लेकिन इस अचानक हुए हादसे ने पलभर में सारी खुशियों को मातम में बदल दिया. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

मुआवजे की मांग को लेकर फोरलेन जाम

हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय ग्रामीणों ने एनएच-19 फोरलेन को दोनों तरफ से जाम कर दिया. ग्रामीण फरार अज्ञात ट्रक की पहचान कर चालक पर कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को उचित सरकारी मुआवजा देने की मांग कर रहे थे.

पुलिस ने बहाल कराया आवागमन

सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस पदाधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया. इसके बाद सड़क से जाम हटाया गया और राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का परिचालन सामान्य हो सका. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है.

Also Read: छपरा में छात्र जदयू का बड़ा संकल्प: बूथ स्तर तक मजबूत होगा संगठन, नीतीश सरकार की योजनाएं पहुंचाएंगे घर-घर

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन