सारण: मांझी के फुलवरिया में देर रात युवक को मारी गोली, पीएमसीएच में चल रहा इलाज
जख्मी युवक के परिजन | Prabhat Khabar Network
मांझी थाना क्षेत्र में गोलीबारी की घटना से दहशत का माहौल है. छोटकी फुलवरिया गांव में मछली लेकर लौट रहे एक युवक को अपराधियों ने गोली मार दी. गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज पटना पीएमसीएच में चल रहा है.
Saran News : मांझी थाना क्षेत्र में पिछले दो दिनों के अंदर लूट और गोलीबारी की दो घटनाओं के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. ताजा मामला छोटकी फुलवरिया गांव का है, जहां शुक्रवार की देर रात अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी. गोली युवक के कंधे में लगी है. गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज पटना पीएमसीएच में चल रहा है.
घायल की पहचान छोटकी फुलवरिया निवासी अनिरुद्ध साहनी के 26 वर्षीय पुत्र पंकज साहनी के रूप में हुई है.
मछली लेकर लौट रहा था युवक, इसी दौरान हुआ विवाद
घायल पंकज के भाई ने बताया कि पंकज मछली मारकर घर लौट रहा था. इसी दौरान बगल के ड्यूमाईगढ़ गांव निवासी प्रेम यादव समेत एक अन्य युवक उसके पास पहुंचे और मछली मांगने लगे. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गयी.
परिजनों के अनुसार, कहासुनी के बाद प्रेम यादव ने पंकज को गोली मार दी. गोली उसके कंधे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
मांझी सीएचसी से पीएमसीएच रेफर
गोली लगने के बाद परिजन पंकज को तत्काल मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया. हालत गंभीर होने के कारण सदर अस्पताल से पंकज को पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
लिखित आवेदन मिलने के बाद होगी प्राथमिकी
घटना के संबंध में मांझी थानाध्यक्ष बिनोद कुमार ने गोली चलने की घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि मामले में अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. घायल के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है. फर्द बयान मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
लगातार घटनाओं से लोगों में बढ़ी चिंता
मांझी थाना क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गयी है. पिछले दो दिनों में लूट और गोलीबारी की घटनाओं के बाद लोग क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि घायल का बयान मिलने के बाद घटना के कारणों और इसमें शामिल लोगों के संबंध में आगे की कार्रवाई की जायेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए