सारण में बदलते मौसम का कहर, वायरल बुखार और सर्दी-खांसी के मरीजों से भर रहे अस्पताल

निजी क्लीनिक के बाहर बैठे मरीज | Prabhat Khabar
Saran News: सारण जिले में मौसम के लगातार बदलाव का असर अब लोगों की सेहत पर साफ दिख रहा है. सुबह की बारिश, दोपहर की धूप और शाम की उमस के कारण वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है. सदर अस्पताल में मरीजों की भीड़ बढ़ गई है, खासकर बच्चों पर इसका सबसे अधिक असर देखा जा रहा है.
Saran News: जिले में लगातार बदल रहे मौसम का असर अब लोगों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है. सुबह बारिश और बादल, दोपहर में तेज धूप तथा शाम को उमस भरे मौसम के कारण वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है. सदर अस्पताल सहित निजी अस्पतालों में सर्दी, खांसी, बुखार, उल्टी, चक्कर और पेट दर्द से पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है.
सदर अस्पताल की ओपीडी में बढ़ी मरीजों की भीड़
सदर अस्पताल की ओपीडी में सोमवार और मंगलवार को बड़ी संख्या में वायरल संक्रमण से पीड़ित मरीज इलाज के लिए पहुंचे. दोनों रजिस्ट्रेशन काउंटरों पर अधिकांश मरीज सर्दी, खांसी, बुखार और अन्य मौसमी बीमारियों की शिकायत लेकर पहुंचे. चिकित्सकों का कहना है कि तापमान में लगातार हो रहे बदलाव का असर लोगों की प्रतिरोधक क्षमता पर पड़ रहा है.
बच्चों पर सबसे अधिक असर
बदलते मौसम का सबसे अधिक असर छोटे बच्चों पर देखा जा रहा है. शहर के दारोगा राय चौक स्थित शिशु रोग विशेषज्ञों के क्लीनिकों में सुबह से ही बच्चों और उनके अभिभावकों की भीड़ लगी रही. यहां रोजाना बड़ी संख्या में वायरल संक्रमण और बुखार से पीड़ित बच्चों का इलाज किया जा रहा है.
दैनिक जीवन भी हुआ प्रभावित
लगातार हो रही बारिश और मौसम में बदलाव का असर आम जनजीवन पर भी पड़ रहा है. सुबह बारिश होने से लोगों को स्कूल, कॉलेज और कार्यालय जाने में परेशानी हो रही है. शहर में कई स्थानों पर निर्माण कार्य चलने के कारण हल्की बारिश में भी कीचड़ और जलजमाव की स्थिति बन रही है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है.
बाजारों में भी दिखा मौसम का असर
मौसम की अनिश्चितता का असर शहर के बाजारों पर भी दिखाई दे रहा है. मंगलवार सुबह करीब 20 मिनट तक हुई बारिश के बाद दिनभर बाजारों में ग्राहकों की संख्या कम रही. दुकानदारों का कहना है कि लगातार बदलते मौसम और बारिश के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है.
Also Read: बिहार के कलाकारों की चमकेगी किस्मत, अब मुंबई से ही होंगे बुक, घर बैठे फिल्म में मिलेगा काम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










