Watch Video : छपरा में मार्कशीट सुधार के लिए जमीन पर रेंगते हुए परीक्षा विभाग पहुंचीं छात्राएं, जेपीयू में अनोखा प्रदर्शन
JPU mark sheets Discrepancies : जय प्रकाश विश्वविद्यालय में अंकपत्र की गड़बड़ियों को लेकर छात्राओं का अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला. जमीन पर रेंगकर परीक्षा विभाग पहुंचीं छात्राओं की मांगें.
JPU mark sheets Discrepancies : छपरा स्थित जय प्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) में अंकपत्र की गड़बड़ियों को लेकर छात्र-छात्राओं का आक्रोश सामने आया है. सुधार के लिए कई बार आवेदन देने के बावजूद समस्या दूर नहीं होने से नाराज सत्र 2023-27 की दो छात्राओं ने शुक्रवार को अनोखे तरीके से विरोध जताया. अजीमा खातून और मोती कुमारी विश्वविद्यालय परिसर में जमीन पर रेंगते हुए परीक्षा विभाग तक पहुंचीं.
मुख्य द्वार से परीक्षा भवन तक जमीन पर रेंगकर पहुंचीं छात्राएं
जय प्रकाश विश्वविद्यालय परिसर में शुक्रवार को उस समय लोगों की भीड़ जुट गयी, जब दो छात्राएं जमीन पर रेंगते हुए परीक्षा विभाग की ओर बढ़ने लगीं. सत्र 2023-27 की छात्रा अजीमा खातून और मोती कुमारी ने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से प्रशासनिक भवन होते हुए परीक्षा भवन तक जमीन पर रेंगकर अपना विरोध दर्ज कराया. इस दौरान वे जमीन को प्रणाम करते हुए आगे बढ़ रही थीं. उनका प्रदर्शन पर्व-त्योहारों के दौरान की जाने वाली दंडवत यात्रा जैसा था.
कई बार आवेदन देने के बाद भी नहीं सुधरी अंकपत्र की त्रुटि
दोनों छात्राओं का कहना था कि उनके अंकपत्र में गड़बड़ियां हैं. इसे ठीक कराने के लिए वे पहले भी कई बार आवेदन दे चुकी हैं. परीक्षा विभाग से लगातार संपर्क करने और विश्वविद्यालय कार्यालयों का चक्कर लगाने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ. छात्राओं ने बताया कि सामान्य तरीके से शिकायत करने पर सुनवाई नहीं हुई, इसलिए उन्हें विरोध का यह तरीका अपनाना पड़ा.
प्रदर्शन में अन्य छात्राएं भी रहीं मौजूद
इस प्रदर्शन के दौरान दोनों छात्राओं के साथ अन्य छात्राएं भी मौजूद थीं. बताया जा रहा है कि अजीमा खातून और मोती कुमारी शोध छात्र संगठन (आरएस) से भी जुड़ी हुई हैं. प्रदर्शन में संगठन से जुड़े अन्य छात्र-छात्राओं की मौजूदगी भी रही. छात्राओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन से अंकपत्र में हुई त्रुटियों को जल्द ठीक करने की मांग की.
ऑनलाइन पोर्टल पर लिए जा रहे सुधार के आवेदन
इस संबंध में परीक्षा नियंत्रक डॉ अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से अंकपत्र की त्रुटियों के सुधार के लिए हाल ही में ऑनलाइन पोर्टल बनाया गया है. इसके माध्यम से छात्र-छात्राओं से आवेदन लिये जा रहे हैं. प्राप्त आवेदनों का क्रमवार निष्पादन किया जा रहा है.
प्रदर्शनकारी छात्राओं की शिकायत पर कार्रवाई का भरोसा
परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि प्रदर्शन करने वाली छात्राओं की समस्या की जानकारी उन्हें मिल गयी है. उनके आवेदन और शिकायत पर अविलंब कार्रवाई की जायेगी. विश्वविद्यालय प्रशासन के इस आश्वासन के बाद अब छात्राओं को अंकपत्र की त्रुटियों में सुधार का इंतजार है.
Also Read : छपरा में 30 नवंबर को जुटेंगे भाजपा-एनडीए के बड़े नेता, नगर निगम मैदान से राजेंद्र सरोवर तक निकलेगी पदयात्रा
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
