बिजली क्रांति से ऊर्जा आत्मनिर्भरता और नेट जीरो के लक्ष्य की ओर बढ़ा भारत, IEA की रिपोर्ट
सोलर पार्क.
Energy Independence By 2047: भारत साल 2047 तक ऊर्जा आत्मनिर्भरता और साल 2070 तक नेट जीरो के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है. स्वच्छ बिजली उत्पादन में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है. इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी ने की भारत की तारीफ. ऊर्जा क्षेत्र की उपलब्धियों का विवरण यहां पढ़ें.
Energy Independence By 2047: स्वच्छ बिजली के दम पर भारत ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है. भविष्य की ऊर्जा का निर्माण करने वाली दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के लिए भारत सबसे बेहतरीन उदाहरण साबित हुआ है. अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) ने भारत की इस सफलता पर मुहर लगा दी है. आईए की हालिया रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत नवीकरणीय ऊर्जा (Renewables) को जोड़ने और अपनी अर्थव्यवस्था के विद्युतीकरण (Electrification) की दिशा में सही रास्ते पर आगे बढ़ रहा है.
हरित विद्युतीकरण के लक्ष्य के करीब भारत
IEA की 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, भारत उन चुनिंदा बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है, जो हरित विद्युतीकरण (Green Electrification) के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में बढ़ रही हैं. ये बदलाव भारत को साल 2047 तक ‘ऊर्जा आत्मनिर्भरता’ और साल 2070 तक ‘नेट जीरो’ (शून्य कार्बन उत्सर्जन) के लक्ष्य के बेहद करीब ले जा रहे हैं.
एक दशक में 73.91 फीसदी बढ़ा ऊर्जा उत्पादन
भारत सरकार के नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के 2025-26 के आंकड़े बताते हैं कि भारत में एक दशक में ऊर्जा उत्पादन 73.91 फीसदी बढ़ा है. साल 2015-16 में देश में 306.33 गीगावाट बिजली का उत्पादन होता था, जो बढ़कर 532.74 गीगावाट हो चुका है. रिन्यूवेबल एनर्जी के उत्पादन में यह 205.65 फीसदी का उछाल दिखाता है. सोलर, विंड, बायो पावर और छोटे हाइड्रो पावर के क्षेत्र में 374 फीसदी बढ़ गयी है. यह दिखाता है कि भारत जस्ट ट्रांजिशन के प्रति कितना गंभीर है.
ये भी पढ़ें: डी-कार्बनाइजेशन मिशन लांच करेगा भारत, कार्बन उत्सर्जन पर लग सकता है टैक्स, जमशेदपुर में बोलीं सीएसआईआर प्रमुख
2025-26 में रिकॉर्ड 54.59 गीगावाट RE का उत्पादन
सरकार की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2025-26 में रिकॉर्ड 54.59 गीगावाट नवीकरणनीय ऊर्जा का उत्पादन हुआ. भारत के कुल बिजली उत्पादन में 51.56 फीसदी हिस्सेदारी नवीकरणीय ऊर्जा की है. अगर इसमें न्यूक्लियर एनर्जी को भी जोड़ दें, तो रिन्यूवेबल एनर्जी की हिस्सेदारी बढ़कर 53.21 फीसदी हो जाती है. इसके साथ ही भारत स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन करने वाला तीसरा सबसे बड़ा देश बन गया. अब जरा भारत में बिजली उत्पादन के आंकड़े पर गौर करते हैं.
- साल 2015-16 में 1167.58 अरब यूनिट बिजली का उत्पादन होता था, जो साल 2025-26 में बढ़कर 1840.11 अरब यूनिट हो गया. यानी बिजली उत्पादन में 57.60 फीसदी की वृद्धि हुई.
- साल 2015-16 में सोलर, विंड, स्मॉल हाइड्रो और बायो एनर्जी का 65.78 अरब यूनिट उत्पादन होता था. साल 2025-26 में यह बढ़कर 310.59 अरब यूनिट हो गया. इसमें सबसे अधिक 37.10 फीसदी योगदान सोलर एनर्जी का रहा.
ये भी पढ़ें: ग्लोबल वॉर्मिंग से भारत की अर्थव्यवस्था को 16.54 लाख करोड़ का नुकसान, मजदूरों के 193 अरब घंटे बर्बाद
इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी ने की भारत की सराहना
भारत की हरित ऊर्जा नीतियों की आईए (IEA) ने सराहना की है. कहा है कि अगले दशक में ग्रीन एनर्जी में सालाना निवेश 200 अरब डॉलर यानी करीब 18.53 लाख करोड़ रुपए (एक डॉलर = 92.6805 रुपए) तक पहुंच जाने की उम्मीद है. आइए, जानते हैं कि इस संबंध में एशिया, एम्बर की एनर्जी एनालिस्ट रुचिता शाह क्या कहती हैं.
IEA का ‘वर्ल्ड एनर्जी आउटलुक 2026’ इस बात की पुष्टि करता है कि ऊर्जा सुरक्षा अब ऊर्जा परिवर्तन (Energy Transition) का पर्याय बन चुकी है. इसके केंद्र में विद्युतीकरण है. ऊर्जा आपूर्ति के झटके ने भारत में परिवहन (Transport) और खाना पकाने (Cooking) के क्षेत्र को सबसे ज्यादा प्रभावित किया है. विद्युतीकरण ही इसका समाधान है. अच्छी बात यह है कि भारत ने अपनी घरेलू स्वच्छ बिजली उत्पादन क्षमताओं को मजबूत किया है. परिवहन यानी ट्रांसपोर्टेशन सिस्टम का विद्युतीकरण हो रहा है. इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की बिक्री लगातार बढ़ रही है. फरवरी 2026 में संकट शुरू होने के बाद से कुछ महीनों में इसकी हिस्सेदारी लगभग 13 प्रतिशत तक पहुंच गयी है. एलपीजी (LPG) आपूर्ति में आयी बाधा ने इलेक्ट्रिक कुकिंग (बिजली से खाना पकाने) को नयी गति दी है. दुनिया को समझ आ रही है कि स्वच्छ, सुलभ और किफायती बिजली ही आगे बढ़ने का एकमात्र रास्ता है. -रुचिता शाह (Ruchita Shah), एनर्जी एनालिस्ट - एशिया, एम्बर (Ember)
ये भी पढ़ें: इतिहास के सबसे बड़े ऊर्जा आपूर्ति संकट से जूझ रही दुनिया, रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में आ सकता है बूम
IEA की रिपोर्ट की प्रमुख बातें
- 5 साल पहले हासिल किया लक्ष्य : भारत ने साल 2025 में ही अपनी कुल स्थापित क्षमता का आधा (50 प्रतिशत) हिस्सा गैर-जीवाश्म ईंधन (Non-fossil) से बिजली बनाने के लक्ष्य को हासिल कर लिया. ‘स्टेटेड पॉलिसीज सिनेरियो’ (STEPS) के तहत, कुल बिजली उत्पादन में नवीकरणीय और परमाणु ऊर्जा की हिस्सेदारी साल 2025 के 28 प्रतिशत से बढ़कर साल 2035 तक 51 फीसदी होने की उम्मीद है.
- सौर ऊर्जा बनेगी सबसे बड़ा आधार : अगले दशक में भारत में अतिरिक्त बिजली उत्पादन का मुख्य स्रोत सोलर पीवी (Solar PV) होगा. इस बदलाव को ‘राष्ट्रीय विद्युत योजना-2026’ (National Electricity Plan-2026) के मसौदे से मजबूती मिली है. मसौदे में नवीकरणीय ऊर्जा के एकीकरण और पुराने जीवाश्म ईंधन संयंत्रों के फिर से उपयोग (Repurposing) की सिफारिश की गयी है.
- ऊर्जा निवेश में तेजी : अगले दशक में भारत में ऊर्जा क्षेत्र का निवेश दुनिया में सबसे तेज गति से बढ़ेगा. यह 85 प्रतिशत की वृद्धि के साथ औसतन 200 अरब अमेरिकी डॉलर प्रति वर्ष तक पहुंच जायेगा, ऐसी उम्मीद है.
- आयातित ईंधन पर घटेगी निर्भरता : एनर्जी एफिसिएंसी, विद्युतीकरण और कम उत्सर्जन वाले ऊर्जा स्रोतों पर भारत का जोर आयातित ईंधन (तेल और गैस) पर इसकी निर्भरता को कम कर रहा है.
ये भी पढ़ें: COP31 में भारत ने खींच दी लक्ष्मण रेखा, कहा- जिम्मेदारी से बच नहीं सकते विकसित देश, ‘ग्लोबल साउथ’ की अनदेखी नामंजूर
इलेक्ट्रिक कार अपनाने की रफ्तार 30 फीसदी बढ़ेगी
‘अचीविंग रिन्यूएबल्स एंड क्लाइमेट गोल्स’ (ARC) परिदृश्य के तहत साल 2035 तक इलेक्ट्रिक कारों को अपनाने की गति ‘STEPS आउटलुक’ की तुलना में 30 फीसदी अधिक होगी.
कच्चे तेल की जरूतों में आयेगी कमी
रिपोर्ट में कहा गया है कि उद्योगों में विद्युतीकरण और घरेलू संसाधनों के बेहतर उपयोग से साल 2035 तक भारत अपनी कच्चे तेल की जरूरत को STEPS अनुमान की तुलना में 5.80 लाख बैरल प्रति दिन (580 kb/d) तक कम कर लेगा.
ये भी पढ़ें: ‘द ग्रेट स्मॉग ऑफ लंदन’ खत्म हो सकता है, तो दिल्ली का प्रदूषण क्यों नहीं? एनसीआर में जहरीली हवा का गुनहगार कौन?
प्राकृतिक गैस का इस्तेमाल 8 फीसदी घटेगा
इसी अवधि में प्राकृतिक गैस (Natural Gas) के उपयोग में भी 8 प्रतिशत की कमी आयेगी, जो भारत को साल 2047 तक ऊर्जा स्वतंत्र बनने के संकल्प के करीब ले जायेगा.
भारत को सुनिश्चित करनी होगी ऊर्जा सुरक्षा : नेश्विन रोड्रिग्स
क्लीन एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए काम करने वाले एनर्जी थिंक टैंक एम्बर (Ember) एशिया की सीनियर एनर्जी एनालिस्ट नेश्विन रोड्रिग्स (Neshwin Rodrigues) कहती हैं कि अगले एक दशक में दुनिया के किसी देश की तुलना में भारत में ऊर्जा की मांग तेजी से बढ़ेगी. इसलिए देखना अहम होगा कि भारत अपनी अर्थव्यवस्था का विद्युतीकरण (Electrification) कैसे करता है. अपनी बिजली प्रणाली को कार्बन-मुक्त (Decarbonise) कैसे बनाता है. भारत के लिए, नवीकरणीय ऊर्जा को ऊर्जा सुरक्षा भी सुनिश्चित करनी होगी. इसके लिए सोलर पैनल, विंड टर्बाइन और बैटरियों के निर्माण से लेकर ग्रिड और स्टोरेज के विस्तार तक में निवेश की जरूरत होगी.
ये भी पढ़ें: वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच बिजली की मांग में उछाल, 2026 में सबसे बड़ा पावर सोर्स बनेगी रिन्यूएबल एनर्जी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए