पटना की टॉप फोटोज: पीएम मोदी आज करेंगे 514 करोड़ के प्लांट का शिलान्यास, नीतीश से मिलने पहुंचे सीएम सम्राट


पीएम मोदी आज करेंगे 514 करोड़ के प्लांट का शिलान्यास
पटना के रामचक बैरिया में 514 करोड़ रुपये की लागत से एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट बनाया जायेगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज इसका शिलान्यास करेंगे. 30 महीने में तैयार होने वाले इस प्लांट में पटना समेत 13 शहरी निकायों से रोजाना 1607 टन कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण होगा. यहां कचरे से बिजली, बायोगैस और खाद तैयार की जायेगी. प्लांट में 15 मेगावाट बिजली उत्पादन की क्षमता होगी और एजेंसी अगले 20 वर्षों तक इसका संचालन करेगी.

नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे सीएम सम्राट चौधरी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को बिहार दौरे और नीतीश सेतु के उद्घाटन से ठीक एक दिन पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की. करीब 15 मिनट तक चली इस मुलाकात में डिप्टी सीएम विजय चौधरी और जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी मौजूद रहे. कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल के उद्घाटन समारोह को लेकर चर्चा होने की बात सामने आयी है. मुख्यमंत्री ने मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा कीं.

10 सूत्री मांगों को लेकर पटना की सड़कों पर उतरे वाहन चालक
बिहार के अलग-अलग जिलों से पहुंचे वाहन चालकों ने शुक्रवार को पटना में अपनी 10 सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन किया. ड्राइवर एसोसिएशन ऑफ बिहार के बैनर तले गांधी मैदान स्थित जेपी प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद प्रदर्शन शुरू हुआ. चालकों ने मुख्यमंत्री वाहन चालक कल्याण योजना लागू करने, ड्राइवर आयोग और कल्याण कोष गठित करने, दुर्घटना में मौत पर पांच लाख रुपये की सहायता और बीमा संबंधी सुविधाएं देने की मांग उठायी. प्रदर्शन के कारण गांधी मैदान के आसपास यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बनी रही.

मसौढ़ी के नदौल में अनियंत्रित ट्रैक्टर ने महिला को रौंदा, मौके पर मौत
मसौढ़ी के नदौल ओपी क्षेत्र के मटौढ़ा पुल के पास गुरुवार शाम तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से मटौढ़ा निवासी लगनी देवी की मौके पर मौत हो गई. पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है.

छठ के बाद दिल्ली-मुंबई लौटने वालों की ट्रेनों में भारी भीड़
छठ पर्व समाप्त होते ही काम पर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ पटना जंक्शन और राजेंद्रनगर टर्मिनल पर उमड़ रही है. दिल्ली और मुंबई जाने वाली स्पेशल ट्रेनों के बावजूद यात्रियों को सीट मिलना मुश्किल हो रहा है. ट्रेनों में पैर रखने तक की जगह नहीं है और कई यात्री गेट के पास बैठकर तो कुछ बाथरूम में खड़े होकर सफर करने को मजबूर हैं. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ और जीआरपी के जवान तैनात हैं, लेकिन यात्रियों की परेशानी कम नहीं हो रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
