पटना की टॉप फोटोज: सरकारी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों के सम्मान का सख्त निर्देश, जनरल-स्लीपर कोच में चढ़ने के लिए मची अफरातफरी

पटना समेत पांच राज्यों में बिहार एसटीएफ ने ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े कथित साइबर अपराध गिरोह के खिलाफ एक साथ छापेमारी कर सरगना समेत 38 लोगों को गिरफ्तार किया. इनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं. पटना के राजा बाजार, बोरिंग रोड, पत्रकार नगर और पाटलिपुत्र समेत कई ठिकानों पर तलाशी ली गई. कार्रवाई में 22 लाख रुपये नकद, 300 से अधिक एटीएम कार्ड, 100 से ज्यादा मोबाइल फोन, पांच लैपटॉप, छह टैब, महंगी घड़ियां और करीब 500 ग्राम जेवरात बरामद किये गये.

सरकारी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों के सम्मान का सख्त निर्देश
बिहार सरकार ने सरकारी योजनाओं के शिलान्यास, उद्घाटन और अन्य राजकीय समारोहों में जनप्रतिनिधियों के सम्मान और प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया है. मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों और जिलाधिकारियों को पत्र जारी कर स्पष्ट किया है कि प्रशासनिक अधिकारी विकास योजनाओं का उद्घाटन नहीं करेंगे और शिलापट्ट पर उनका नाम भी अंकित नहीं होगा. स्थानीय सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों को सरकारी कार्यक्रमों में अनिवार्य रूप से आमंत्रित करने और उनके लिए सम्मानजनक स्थान आरक्षित रखने का निर्देश दिया गया है.

पटना जंक्शन पर जनरल-स्लीपर कोच में चढ़ने के लिए मची अफरातफरी
छठ पर्व के बाद घर लौट रहे यात्रियों की भीड़ के कारण बुधवार को पटना जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर चार पर अफरातफरी का माहौल रहा. गुवाहाटी-एलटीटी एक्सप्रेस और ब्रह्मपुत्र मेल के पहुंचते ही यात्री जनरल और स्लीपर कोच में चढ़ने के लिए दौड़ पड़े. ट्रेन पूरी तरह रुकने से पहले ही चढ़ने की कोशिश में धक्का-मुक्की हुई. इस दौरान यात्रियों के बैग और सामान प्लेटफॉर्म पर बिखर गये, जबकि बच्चों और महिलाओं को भी परेशानी हुई. एक युवक ट्रेन के गेट पर लटक गया और उसका पैर फिसलते-फिसलते बचा. स्थिति संभालने के लिए आरपीएफ के जवानों को भीड़ के बीच पहुंचना पड़ा.

जीएम रोड की तीन दवा दुकानों से संदिग्ध दवाओं के नमूने लिये गये
पटना समेत बिहार के 15 जिलों में राज्य औषधि नियंत्रण विभाग ने नकली और संदिग्ध दवाओं के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया. पटना की जीएम रोड स्थित मास बायोकेयर, न्यू अशोक फार्मा और पॉपुलर फार्मा में जांच के दौरान कुछ दवाएं प्रथमदृष्टया संदिग्ध मिलीं. दुकानदार खरीद बिल प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद टीम ने एलोपैथिक और आयुर्वेदिक दवाओं के नमूने लिये. इन्हें प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा, जिससे दवाओं की गुणवत्ता और प्रामाणिकता का पता चलेगा. इसके अलावा रुकनपुरा की एक दवा निर्माण इकाई और 15 जिलों के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के दवा भंडारों का भी निरीक्षण किया गया.

पीएमसीएच में डिजिटल रजिस्ट्रेशन शुरू
पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में मरीजों के लिए डिजिटल रजिस्ट्रेशन की सुविधा शुरू कर दी गई है. फिलहाल दो काउंटरों पर चल रहे ट्रायल के दौरान बुधवार को 800 मरीजों का ऑनलाइन पंजीकरण किया गया, जबकि मंगलवार को 400 मरीजों ने यह सुविधा ली थी. अब मरीज की जानकारी सीधे संबंधित डॉक्टर तक पहुंचेगी और जांच के बाद परामर्श व दवाओं की पर्ची ऑनलाइन दवा काउंटर पर भेजी जाएगी. दोबारा अस्पताल आने पर मरीज की पुरानी जानकारी भी उपलब्ध रहेगी. इसके साथ ही आईसीयू के खाली बेड और डॉक्टरों की ओपीडी ड्यूटी की जानकारी ऑनलाइन देने की योजना है. अगले दो से तीन महीने में पूरी डिजिटल व्यवस्था शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है.

बच्चों के झगड़े में मासूम की जान गई
पटना के पालीगंज प्रखंड के कशोपुर गांव में चचेरे भाई के साथ खेलते समय हुए विवाद के बाद डेढ़ साल के रिशु की मौत हो गई. परिजनों ने उसके चाचा हरेंद्र कुमार और चाची ममता देवी पर पिटाई कर हत्या करने का आरोप लगाया है. घटना के बाद दोनों आरोपित फरार हो गए. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
