प्रधानमंत्री के वैशाली दौरे को लेकर आज पटना में बदलेगा ट्रैफिक, कच्ची दरगाह के छह लेन मार्ग पर भारी वाहनों की नो एंट्री
कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन पुल (सांकेतिक तस्वीर)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैशाली दौरे के कारण 20-21 नवंबर को पटना में ट्रैफिक नियमों में बदलाव किया गया है. कच्ची दरगाह पुल पर भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा.
Patna Traffic Plane: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को वैशाली जिले में संभावित कार्यक्रम को लेकर पटना में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है. इस दौरान अतिविशिष्ट और विशिष्ट अतिथियों के साथ बड़ी संख्या में आमलोगों के वैशाली जाने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. इसके तहत 20 नवंबर की रात 10 बजे से कच्ची दरगाह छह लेन मार्ग पर भारी और व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी जायेगी, जो 21 नवंबर को कार्यक्रम समाप्त होने और वाहनों के सुरक्षित निकलने तक प्रभावी रहेगी.
कच्ची दरगाह पुल के मार्ग में बदलाव
यातायात पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर की रात 10 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक दीदारगंज गोलंबर से कच्ची दरगाह छह लेन पुल के ऊपर पश्चिमी लेन में सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा. कार्यक्रम में शामिल होने वाले वाहन दीदारगंज गोलंबर से कच्ची दरगाह पुल के नीचे से विपरीत दिशा में रैंप होकर कच्ची दरगाह छह लेन पुल के ऊपर पूर्वी लेन से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे.
छोटे वाहनों के लिए वैकल्पिक पुल तय
पटना से वैशाली जाने वाले कार्यक्रम में शामिल होने वाले निजी और छोटे वाहनों के लिए गांधी सेतु और जेपी सेतु का विकल्प दिया गया है. इससे कार्यक्रम में जाने वाले लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सकेगी.
इन मार्गों से बचने की अपील की गयी
यातायात पुलिस ने आमलोगों से अपील की है कि कार्यक्रम के दौरान असुविधा से बचने के लिए हवाई अड्डा, शहीद पीर अली मार्ग, हार्डिंग रोड, अटल पथ, दीघा गोलंबर और जेपी गंगा पथ वाले मार्गों से बचें. लोगों से अशोक राजपथ, बेली रोड समेत अन्य वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने का अनुरोध किया गया है.
नियंत्रण कक्ष के नंबर भी जारी हुए
यातायात से संबंधित अधिक जानकारी के लिए लोग पटना यातायात पुलिस नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 0612-2219151 और 9470630615 पर संपर्क कर सकते हैं. पुलिस ने आमलोगों से यातायात व्यवस्था बनाये रखने में सहयोग करने की अपील की है.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए