पोखर में घोंघा चुनने के दौरान दो युवतियां डूबीं, मौत
Published by : ALOK KUMAR Updated At : 27 Jan 2026 11:03 PM
खैरा थाना क्षेत्र के कृष्ण चौक के समीप खानपुर गांव में मंगलवार को एक हादसे में दो युवतियों की पोखरा में डूबने से मौत हो गयी.
नगरा. खैरा थाना क्षेत्र के कृष्ण चौक के समीप खानपुर गांव में मंगलवार को एक हादसे में दो युवतियों की पोखरा में डूबने से मौत हो गयी. यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों युवतियां पोखरा के किनारे अईठा (घोंघा) चुन रही थीं. अचानक पैर फिसलने व संतुलन बिगड़ने से दोनों गहरे पानी में चली गयी और बाहर नहीं निकल सकीं. मृत युवतियों की पहचान खैरा थाना क्षेत्र के भादरिया गांव निवासी धर्मनाथ महतो की 20 वर्षीय पुत्री प्रियंका कुमारी एवं विश्वनाथ महतो की 19 वर्षीय पुत्री सिंकी कुमारी के रूप में की गयी है. दोनों युवतियां आपस में सहेलियां बतायी जा रही हैं. घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पोखरा के किनारे मिट्टी गीली होने के कारण अचानक पैर फिसल गया, जिससे दोनों युवतियां पानी में जा गिरीं. आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. घटना की सूचना मिलने पर खैरा थानाअध्यक्ष अखिलेश पासवान, सीओ अभिषेक कुमार अपने दल बल साथ तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को पोखरा से बाहर निकलवाया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया. वहीं इस संबंध में खैरा थानाध्यक्ष अखिलेश पासवान ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है. प्रथम दृष्टया यह एक दुर्घटना प्रतीत होती है. घटना के बाद भादरिया एवं खानपुर गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










