जेपी सेतु के समानांतर 6-लेन ब्रिज परियोजना ने पकड़ी रफ्तार, भू-अर्जन प्रक्रिया हुई तेज

Author Alok kumar
Updated:
विज्ञापन

जेपी सेतु के समानांतर 6 लेन गंगा ब्रिज परियोजना को गति प्रदान करने के लिए सारन जिला प्रशासन की ओर से कार्रवाई तेज हो गयी है.

विज्ञापन

छपरा. जेपी सेतु के समानांतर 6 लेन गंगा ब्रिज परियोजना को गति प्रदान करने के लिए सारन जिला प्रशासन की ओर से कार्रवाई तेज हो गयी है. दीघा-सोनपुर के बीच, वर्तमान जेपी सेतु के पश्चिम में कुल 6.925 किमी (4.556 किमी पुल और 2.369 किमी एप्रोच रोड) में पुल का निर्माण होना है. सारण जिलान्तर्गत पड़ने वाले भूभाग की जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है. जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव प्रतिदिन इसकी रिपोर्ट ले रहे हैं ताकि यह पता चल सके की प्रगति की स्थिति क्या है. उन्होंने इस परियोजना की समीक्षा करते हुए जेपी सेतु के समानांतर 6 लेन गंगा ब्रिज परियोजना के तहत भू-अर्जन की प्रक्रिया में तेजी लाकर सभी पंचाटियों का भुगतान सुनिश्चित करने का आदेश जारी किया है. इस परियोजना के तहत एलाईनमेंट में सुधार के उपरांत सभी संबंधित पंचाटियों को नोटिस निर्गत कर प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया है. भूमि सुधार उपसमाहर्त्ता सोनपुर को इस प्रक्रिया को तेजी से पूरा कराने का निर्देश दिया गया है.

इन परियोजनाओं की भी हुई समीक्षा

जिलाधिकारी ने एनएच 139 भारतमाला प्रोजेक्ट (बाकरपुर-मानिकपुर)के तहत मुख्य रूप से 4 मौजे में कुछ रैयतों का भू-अर्जन से संबंधित भुगतान को पूरा करने का आदेश दिया है. शेरपुर-दिघवारा रिंग रोड परियोजना के तहत मुआवजा भुगतान में तेजी लाने का आदेश दिया गया है. रामजानकी पथ परियोजना में सभी शेष पंचाटियों को भी जल्द भुगतान होगा. खैरा-बिनटोलिया पथ के तहत भू-अर्जित किये जा रहे प्लॉट की जमाबंदी को अपडेट कराने का निर्देश भूमि सुधार उपसमाहर्त्ता सदर को दिया गया है. एकमा-मशरख पथ में स्थानीय समस्या का निराकरण करने एवं एकमा-डुमाईगढ़ पथ में जमीन की जमाबंदी को अपडेट करने का निर्देश दिया गया है. एनएच 19 के छपरा सेक्शन के बचे हुए भाग की योजना की निविदा प्रक्रियाधीन है, निविदा के निष्पादन के बाद इसमें कार्य कराया जायेगा. रिविलगंज-बिसुनपुरा बाइपास सड़क के लिए सदर एवं रिविलगंज अंचल के 18 मौजों में जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है. दिघवारा-भेल्दी- अमनौर -तरैया 54 किलोमीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए वन विभाग एवं विद्युत विभाग से संबंधित मामले का त्वरित निष्पादन कर अग्रेतर कार्रवाई का निर्देश दिया गया है. छपरा बाइपास से मेडिकल कॉलेज तक फोरलेन सड़क के निर्माण के तहत भू-अर्जन की प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने को कहा गया है. रिविलगंज बाइपास के अंतर्गत सभी शेष लोगों को मुआवजे का भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया है. इसके अलावा गड़खा बाइपास, परसा बाइपास, अमनौर बाईपास, छपरा बाईपास सहित सभी संबंधित परियोजनाओं में मुआवजा भुगतान में तेजी लाते हुये भू-अर्जन की प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने का निदेश जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को दिया गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन