छपरा के बड़ा तेलपा में बाढ़ का पानी घुसा, जलनिकासी बंद होने से कई मोहल्ले जलमग्न
छपरा के बड़ा तेलपा में बाढ़ का पानी घुसा
छपरा के तेलपा में हवाई अड्डा के पास बाढ़ का पानी भरने से लोग परेशान हैं। जल निकासी के इंतजाम न होने से महामारी का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन से मदद की गुहार लगाई।
Saran Flood Update : छपरा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 42 अंतर्गत बड़ा तेलपा में हवाई अड्डा से सटे मोहल्लों में बाढ़ का पानी धीरे-धीरे प्रवेश कर रहा है. पिछले तीन-चार दिनों से सदर ब्लॉक के पीछे स्थित नाले के रास्ते पानी आने का सिलसिला जारी है. जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण आसपास के कई मोहल्लों में भारी जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी है.
आपके शहर में
हवाई अड्डे से नेवाजी टोला चौक तक जलजमाव
छपरा हवाई अड्डा से भुतहा ढाला होते हुए नेवाजी टोला चौक की ओर जाने वाली सड़क के आसपास स्थित कई मोहल्ले पानी से घिर गये हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, इलाके में नाले का समुचित निर्माण नहीं हुआ है. वहीं रेलवे लाइन के पार पानी निकासी के लिए बने कई रास्ते भी बंद हो चुके हैं. ऐसे में बाढ़ का पानी आगे निकलने के बजाय मोहल्लों की ओर फैल रहा है.
वर्षों से बनी है जलनिकासी की समस्या
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब भी दियारा क्षेत्र में बाढ़ का प्रभाव बढ़ता है, तब सदर ब्लॉक के पीछे स्थित नाले के रास्ते पानी की निकासी होती है. लेकिन नाले का रास्ता कई स्थानों पर अवरुद्ध होने के कारण पानी रेलवे लाइन के नीचे से आगे नहीं जा पा रहा है. इसका सीधा असर आसपास के मोहल्लों पर पड़ रहा है.
लोगों का कहना है कि यदि जल्द पानी निकासी की व्यवस्था नहीं की गयी तो यह पानी लंबे समय तक जमा रह सकता है. जलजमाव के कारण आने वाले दिनों में गंदगी और बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ सकता है.
पानी के साथ बढ़ा सांप-बिच्छू का खतरा
स्थानीय अर्चना प्रताप, सुनीता मिश्रा, अनामिका कुमारी, आयुष और विक्की आदि ने बताया कि बरसात के दिनों में पहले से ही मोहल्ले में जलजमाव की समस्या रहती है. अब सदर ब्लॉक के पीछे के नाले से बाढ़ का पानी भी धीरे-धीरे मोहल्ले में जमा हो रहा है.
ग्रामीणों के अनुसार, पानी के साथ सांप-बिच्छू भी मोहल्ले में पहुंच रहे हैं. इससे लोगों में हमेशा भय बना रहता है. घरों से निकलना मुश्किल हो गया है और खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों की परेशानी बढ़ गयी है.
जर्जर सड़क और जलजमाव ने बढ़ायी परेशानी
जलजमाव के कारण मोहल्ले में दोपहिया और चारपहिया वाहनों का आवागमन लगभग ठप हो गया है. जर्जर सड़क पर बने गड्ढे पानी में डूब जाने से हादसे का खतरा बढ़ गया है. लोग किसी तरह पैदल पानी पार कर बाजार से जरूरी सामान लाने को मजबूर हैं.
स्थानीय लोगों ने बताया कि मोहल्ले में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था भी नहीं है. ऐसे में रात के समय पानी के बीच सांप-बिच्छू और गड्ढों के कारण खतरा और बढ़ जाता है.
वर्षों से सड़क निर्माण की मांग, नहीं हुई पहल
स्थानीय निवासी प्रकाश मिश्रा ने बताया कि हवाई अड्डा से भुतहा ढाला जाने वाली सड़क वर्षों से जर्जर है. हल्की बारिश में भी यह रास्ता जलमग्न हो जाता है. अब बाढ़ का पानी नाले के रास्ते मोहल्ले में आने से स्थिति और गंभीर हो गयी है.
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण और जलनिकासी की समस्या को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नगर निगम के अधिकारियों से कई बार शिकायत की गयी. लिखित आवेदन भी दिये गये, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है.
लोगों ने तत्काल जलनिकासी की मांग की
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, नगर निगम के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पानी निकालने का इंतजाम नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है. इसके साथ ही लोगों ने जर्जर सड़क का निर्माण कराने की भी मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए