सारण: मांझी में सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोर की मौत, पटना ले जाने के दौरान तोड़ा दम
रोते बिलखते परिजन व मृतक की फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
मांझी-ताजपुर मार्ग पर डुमरी गांव के पास एक अनियंत्रित वाहन की चपेट में आकर 16 वर्षीय प्रिंस की मौत हो गई. प्रिंस अपने दोस्त के साथ बाइक से दवा लेने जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ. गंभीर रूप से घायल प्रिंस को पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही दम तोड़ दिया.
Saran News : मांझी-ताजपुर मुख्य मार्ग पर डुमरी गांव के समीप गुरुवार की देर शाम अज्ञात वाहन की ठोकर से गंभीर रूप से जख्मी 16 वर्षीय किशोर की पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही मौत हो गयी. हादसे में बाइक सवार उसका एक दोस्त भी जख्मी हुआ था. घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया.
दवा खरीदने मांझी जा रहा था किशोर
मृतक की पहचान मांझी थाना क्षेत्र के डुमरी गांव निवासी बीरेन्द्र यादव के पुत्र और किसान ईश्वर यादव के पोता प्रिंस कुमार (16) के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार गुरुवार की देर शाम प्रिंस अपने एक दोस्त के साथ बाइक से मांझी दवा खरीदने जा रहा था. इसी दौरान डुमरी गांव के समीप सामने से आ रहे एक अनियंत्रित वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.
हादसे में दोनों किशोर गंभीर रूप से हुए जख्मी
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों किशोर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गये. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया. आसपास मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को आनन-फानन में मांझी सीएचसी पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया.
छपरा से पटना रेफर किया गया था प्रिंस
प्राथमिक उपचार के बाद प्रिंस की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. वहीं, दूसरे किशोर को मरहम-पट्टी के बाद घर भेज दिया गया. सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने प्रिंस की हालत चिंताजनक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. परिजन उसे लेकर पटना जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.
बेटे की मौत की खबर मिलते ही घर में मचा कोहराम
प्रिंस की मौत की खबर मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया. परिजनों के रूदन-क्रंदन और महिलाओं की चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया. बेटे की मौत से मां कमलावती देवी का रो-रोकर बुरा हाल था. वह बार-बार बेहोश हो जा रही थीं. आसपास की महिलाओं ने पानी के छींटे मारकर उन्हें होश में लाया.
दादा के साथ खेती-गृहस्थी में हाथ बंटाता था प्रिंस
परिजनों ने बताया कि प्रिंस के पिता छपरा शहर में निर्माणाधीन डबल डेकर में मजदूरी करते हैं. प्रिंस अपने दादा के साथ खेती और गृहस्थी के काम में हाथ बंटाता था. वह दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था. किशोर की मौत के बाद पूरे डुमरी गांव में शोक की लहर दौड़ गयी.

आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए