सारण : पानापुर में शिक्षकों का एफएलएन प्रशिक्षण, बच्चों की बुनियादी शिक्षा मजबूत करने पर जोर

उद्घाटन करते बीइओ एवं अन्य
शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित एफएलएन प्रशिक्षण में शिक्षकों को वर्ग 4 से 8 तक के छात्रों की बुनियादी शिक्षा और संख्या ज्ञान को बेहतर बनाने के गुर सिखाए गए। गतिविधि-आधारित शिक्षण और टीएलएम के उपयोग पर जोर दिया गया।
शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार सोमवार को पानापुर प्रखंड के पांच संकुल संसाधन केंद्रों चकिया, भोरहा, बकवा, टोटहा जगतपुर और पानापुर में शिक्षकों के लिए एक दिवसीय गैर आवासीय एफएलएन (Foundational Literacy and Numeracy) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस प्रशिक्षण का उद्देश्य वर्ग 4 से 8 तक के विद्यार्थियों में बुनियादी शिक्षा और संख्याज्ञान को मजबूत करना था.
बीइओ ने शिक्षकों को बच्चों की कमियां दूर करने की दी जिम्मेदारी
प्रखंड मुख्यालय स्थित पानापुर संकुल में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ बीइओ धीरेन्द्र प्रसाद, प्रधानाध्यापिका अंजना कुमारी और समन्वयक शिवकुमार राम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस दौरान बीइओ ने कहा कि कई बार ऊपरी कक्षाओं में पहुंचने के बाद भी बच्चों की बुनियादी समझ कमजोर रह जाती है. ऐसे में शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों की कमियों को पहचानकर उन्हें दूर करने में सहयोग करें.
पढ़ने-लिखने और गणितीय क्षमता बढ़ाने पर दिया गया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को बच्चों में पढ़ने, लिखने, समझने और बुनियादी गणितीय संक्रियाओं की दक्षता विकसित करने के तरीकों की जानकारी दी गई. प्रशिक्षकों ने बताया कि मजबूत आधार तैयार होने से बच्चे आगे की कक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं.
गतिविधि आधारित शिक्षण तकनीकों की दी गई जानकारी
प्रशिक्षण में शिक्षकों को टीएलएम (Teaching Learning Material), गतिविधि आधारित शिक्षण, खेल-खेल में गणितीय अवधारणाओं को समझाने और रोचक कहानियों के माध्यम से भाषा कौशल विकसित करने की आधुनिक तकनीकों से अवगत कराया गया. शिक्षकों को बच्चों की सीखने की क्षमता बढ़ाने के लिए नए तरीकों को अपनाने पर जोर दिया गया.
प्रशिक्षण में कई शिक्षक रहे मौजूद
कार्यक्रम में अरुण कुमार तिवारी, अनिल कुमार यादव, आमोद कुमार, अखिलेश पांडेय, नीतू कुमारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे. प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को बच्चों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत करने के लिए आवश्यक जानकारी दी गई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










