सैयद डोमन शाह बाबा के मजार पर सालाना उर्स के मौके पर लगा अकीकतमंदों का जमावड़ा

Updated:
विज्ञापन

उर्स के मौके पर चादरपोशी करते अकीकतमंद | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

सैयद डोमन शाह बाबा के मजार पर शनिवार को सालाना उर्स का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों अकीदतमंदों ने अमन-चैन और भाईचारे की दुआ मांगी. दोनों कौमों के लोगों ने एक साथ मजार पर पहुंचकर चादरपोशी की और पारिवारिक सुख-समृद्धि की कामना की. उर्स के दौरान एक मेले का भी आयोजन हुआ, जिसने उत्सव का माहौल बनाया.

विज्ञापन

Saran News : नगर पंचायत दिघवारा के मीरपुर भुआल स्थित सैयद शहीद डोमन शाह बाबा के मजार पर शनिवार को सालाना उर्स का आयोजन किया गया. इस मौके पर सैकड़ों अकीदतमंदों ने चादरपोशी कर मुल्क में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की मन्नत मांगी. उर्स में दोनों कौमों के लोगों ने एक साथ मजार पर पहुंचकर चादरपोशी की और पारिवारिक सुख-समृद्धि की कामना की.

विज्ञापन

सुबह से ही मजार पर जुटने लगे अकीदतमंद

उर्स के मौके पर सुबह से ही मजार परिसर में लोगों की भीड़ जुटने लगी. सबसे पहले फर्ज की नमाज अदा की गयी. इसके बाद गुसुलखानी की रस्म पूरी की गयी. समूह में बैठे बच्चों ने कुरान शरीफ का पाठ किया और मुल्क की सलामती व खुशहाली की दुआ मांगी.

देर रात तक जारी रहा चादरपोशी और इबादत का सिलसिला

दिनभर बड़ी संख्या में लोग मजार पर पहुंचते रहे. अकीदतमंदों ने चादरपोशी कर फातया पढ़ा और परिवार की तरक्की, सुख-शांति और खुशहाली की मन्नत मांगी. देर रात तक मजार पर लोगों के पहुंचने और इबादत का सिलसिला जारी रहा.

दोनों कौमों की आस्था का केंद्र है मजार

सैयद शहीद डोमन शाह बाबा के मजार के प्रति दोनों कौमों के लोगों की गहरी आस्था है. सालाना उर्स के मौके पर दिघवारा समेत आसपास के कई प्रखंडों से लोग यहां पहुंचते हैं. लोगों का मानना है कि मजार पर मन्नत मांगने से उनकी मनोकामनाएं पूरी होती हैं.

मेले में लोगों ने उठाया आनंद

मजार के समीप उर्स के दौरान मेले का भी आयोजन किया गया. इसमें हर उम्र के लोगों ने हिस्सा लिया और मेले का आनंद उठाया. मजार तक पहुंचने वाले रास्तों को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा.

सुरक्षा को लेकर पुलिस रही मुस्तैद

उर्स में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए मजार के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे. थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार और अपर थानाध्यक्ष भरत कुमार साह समेत कई पुलिस पदाधिकारी दलबल के साथ मुस्तैद रहे. पुलिसकर्मी मजार परिसर और आसपास के इलाकों में लगातार निगरानी करते दिखे.

मिलाद में मानवता और जरूरतमंदों की मदद का संदेश

देर शाम आयोजित मिलाद में शामिल इमामों ने मानवता, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने पर जोर दिया. उन्होंने सामर्थ्यवान लोगों से गरीबों और जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा आगे आने की अपील की.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन