बारिश और बदलते मौसम से बढ़े वायरल मरीज, सर्दी-खांसी व चर्म रोग की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे लोग

निजी क्लीनिक के बाहर जुटी भीड़
बरसात के मौसम में वायरल बुखार और चर्म रोगों का खतरा बढ़ गया है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है.
छपरा. रुक-रुक कर हो रही बारिश और लगातार बदलते मौसम के कारण जिले में वायरल बीमारियों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है. तापमान में उतार-चढ़ाव के चलते लोग सर्दी, खांसी, बुखार और एलर्जी जैसी समस्याओं से परेशान होकर अस्पताल पहुंच रहे हैं. वहीं जलजमाव से होकर गुजरने वाले लोगों में चर्म रोग की शिकायत भी बढ़ रही है.
बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी की जरूरत
चिकित्सकों के अनुसार बारिश के मौसम में बच्चों और बुजुर्गों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है. बारिश में भीगने से बचना चाहिए. यदि किसी कारण से भीग जाएं तो घर पहुंचकर साफ पानी से स्नान करना चाहिए, ताकि वायरल संक्रमण और त्वचा संबंधी परेशानियों से बचा जा सके.
जलजमाव से बढ़ रही चर्म रोग की समस्या
बरसात के दौरान कई मोहल्लों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है. लोग मजबूरी में गंदे पानी से होकर घर पहुंच रहे हैं. ऐसे में पैरों में खुजली, दाद और अन्य त्वचा रोग की समस्या सामने आ रही है. चिकित्सकों ने सलाह दी है कि जलजमाव वाले स्थान से गुजरने के बाद पैर को अच्छी तरह साफ करना चाहिए.
बच्चों में सर्दी-खांसी के मामले बढ़े
सदर अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप कुमार ने बताया कि मौसम में लगातार बदलाव का असर बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है. कभी तेज धूप तो कभी बारिश के कारण तापमान में अंतर आ रहा है, जिससे बच्चों में सर्दी और खांसी की शिकायत बढ़ी है. सदर अस्पताल के ओपीडी और इमरजेंसी विभाग में भी वायरल मरीजों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है.
साफ-सफाई और ताजा भोजन जरूरी
चिकित्सक डॉ. राजेश रंजन ने लोगों को घर और आसपास साफ-सफाई रखने की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि बरसात में पानी जमा नहीं होने देना चाहिए और ताजा भोजन का सेवन करना चाहिए. लंबे समय तक फ्रिज में रखे भोजन से परहेज करना स्वास्थ्य के लिए बेहतर है.
सदर अस्पताल में दवाओं का स्टॉक तैयार
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. केएम दुबे ने बताया कि मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अस्पताल में जरूरी दवाओं का स्टॉक उपलब्ध रखा गया है. ओपीडी में सुबह 8:30 बजे से रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाता है. रविवार को ओपीडी बंद रहता है, लेकिन इमरजेंसी विभाग में डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित की गई है, ताकि मरीजों को समय पर इलाज मिल सके.
धूप और बारिश के बीच बदल रहा मौसम
रविवार को मौसम का मिजाज अन्य दिनों की तुलना में अलग रहा. सुबह करीब आठ बजे ही तेज धूप निकल गई थी. दोपहर तक गर्मी का असर रहा, लेकिन बाद में आसमान में बादल छाने लगे. मौसम में बार-बार हो रहे बदलाव के कारण तापमान में अंतर आ रहा है, जिसका सीधा असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










