सारण: एसएसपी के निर्देश पर रातभर चला सघन गश्ती अभियान, बैंक-एटीएम से बाजार तक पुलिस अलर्ट

Author Md Ayub|Edited by Vikash Jha
Updated:
विज्ञापन

फोटो | Prabhat Khabar Network

सारण जिले में अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा के लिए एसएसपी विनीत कुमार के निर्देशानुसार पूरे जिले में सघन रात्रि गश्ती अभियान चलाया गया। पुलिस ने संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की।

विज्ञापन

Saran News: सारण में अपराध नियंत्रण एवं आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर गुरुवार की रात सभी थाना क्षेत्रों में विशेष रात्रि गश्ती अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान सभी थानों के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान पूरी रात अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहे. पुलिस ने जिले के सभी चिन्हित संवेदनशील स्थलों पर सघन निगरानी रखी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया.

आपके शहर में

विज्ञापन

संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण

इस रात्रिकालीन अभियान के दौरान बैंक, एटीएम, ज्वेलर्स की बड़ी दुकानें, प्रमुख चौक-चौराहों, मुख्य बाजारों, सुनसान संपर्क मार्गों तथा अन्य महत्वपूर्ण व्यावसायिक स्थानों का औचक निरीक्षण किया गया. पुलिस टीम ने देर रात सड़कों पर घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन जांच करते हुए आवश्यक पूछताछ की. इसके साथ ही वाहन चालकों के दस्तावेजों का भी मौके पर सत्यापन किया गया.

सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

गश्ती के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस की सक्रियता और सतर्कता की भी वरीय अधिकारियों द्वारा समीक्षा की गयी. पुलिस कार्यालय के अनुसार इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य रात्रिकालीन चोरी, लूट, छिनतई, वाहन चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना है. इसके साथ ही आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना पुलिस की प्राथमिकता है.

एसएसपी ने दिए निर्देश

वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने सभी थाना प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिया है कि रात्रि गश्ती के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता नहीं बरती जाये. उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाये रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यह विशेष रात्रि गश्ती एवं सघन जांच अभियान आगे भी लगातार पूरी मुस्तैदी के साथ जारी रहेगा.

Also Read: सारण: सोनपुर के राजस्व कर्मी पर DM ने लगाया 1000 का जुर्माना, सीओ को नोटिस


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन