सारण में मजदूरी कर घर लौट रहे मजदूर की सड़क हादसे में मौत, तेज रफ्तार वाहन ने रौंदा
मृतक के परिजन
Saran News: दिनभर मजदूरी कर घर लौट रहे 70 वर्षीय मजदूर की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया.
सारण से सुनील तिवारी की रिपोर्ट
Saran News: सारण के दाउदपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई. दिनभर मजदूरी कर घर लौट रहे 70 वर्षीय मजदूर की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है.
मजदूरी कर पैदल लौट रहे थे घर
मिली जानकारी के अनुसार दाउदपुर थाना क्षेत्र के हर्षपुरा गांव निवासी 70 वर्षीय वशिष्ठ साह गोंड रविवार की देर शाम मजदूरी कर पैदल अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान छपरा-सीवान मुख्य मार्ग पर दाउदपुर बाजार और पुरानी चट्टी के बीच किसी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े.
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों और दाउदपुर थाना पुलिस की मदद से घायल बुजुर्ग को दाउदपुर के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए छपरा रेफर कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और गंभीर रूप से घायल वशिष्ठ साह गोंड को लेकर छपरा रवाना हुए. लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई.
मजदूरी ही था परिवार का सहारा
ग्रामीणों के अनुसार वशिष्ठ साह गोंड बेहद साधारण आर्थिक स्थिति में जीवन बिता रहे थे. वह रोज मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है. मृतक अपने पीछे तीन पुत्र, तीन पोते और एक विवाहित पुत्री को छोड़ गए हैं. परिवार के एक पुत्र की शादी हो चुकी है, जबकि दो पुत्र अभी अविवाहित हैं और दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं.
गरीब परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिजनों का कहना है कि वशिष्ठ साह गोंड ही परिवार की सबसे बड़ी ताकत थे. उनकी मौत से परिवार आर्थिक और मानसिक दोनों रूप से टूट गया है. गांव के लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं. घटना की सूचना मिलने पर पंचायत के मुखिया अभिषेक कुमार सिंह ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि मृतक की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी और मजदूरी ही उनके जीवनयापन का मुख्य साधन था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By साक्षी कुमारी
साक्षी कुमारी को डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 वर्षों का अनुभव है. पिछले तीन वर्षों से वह डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. उन्हें राजनीति, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सरोकारों और समसामयिक मुद्दों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग और लेखन का अनुभव है. बिहार की राजनीति और क्षेत्रीय मुद्दों पर उनकी विशेष रुचि है. डिजिटल पत्रकारिता के साथ-साथ उन्हें SEO (Search Engine Optimization) की भी अच्छी समझ है, जिससे वह पाठकों तक समय पर और प्रभावी ढंग से खबरें पहुंचाने में दक्ष हैं. तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार तैयार करना उनकी प्रमुख कार्यशैली है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










