सारण: सातवें वेतन आयोग की अनुशंसा के अनुरूप पूरे बिहार के शिक्षकों का हो वेतन निर्धारण
संवाद में शामिल शिक्षक | Prabhat Khabar Network
परिवर्तनकारी प्रारंभिक शिक्षक संघ ने रिविलगंज प्रखंड के शिक्षकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को समझा। संघ ने सातवें वेतन आयोग की अनुशंसा के अनुरूप वेतन निर्धारण की मांग को पुरजोर उठाया।
Saran News : शिक्षक समस्या सह निदान कार्यक्रम के तहत परिवर्तनकारी प्रारंभिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष समरेंद्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में संघ के पदाधिकारी शनिवार को रिविलगंज प्रखंड स्थित श्रीविष्णुदेव तिवारी मध्य विद्यालय, टेकनिवास पहुंचे. यहां प्रखंड के शिक्षकों के साथ संवाद कर उनकी विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली गयी और समस्याओं का संकलन किया गया.
शिक्षकों की समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखने का आश्वासन
बैठक में शिक्षकों ने वेतन समेत विभिन्न समस्याओं को संघ के पदाधिकारियों के समक्ष रखा. जिलाध्यक्ष समरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जायेगा. समस्याओं के समाधान के लिए संघ की ओर से आवश्यक पहल की जायेगी.
उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए संघ लगातार प्रखंड स्तर पर पहुंचकर शिक्षकों से सीधा संवाद कर रहा है. इसी क्रम में शिक्षकों ने सातवें वेतन आयोग की अनुशंसा के अनुरूप पूरे बिहार के शिक्षकों का वेतन निर्धारण करने की मांग भी रखी.
रिविलगंज प्रखंड संगठन का हुआ विस्तार
बैठक के दौरान परिवर्तनकारी प्रारंभिक शिक्षक संघ के रिविलगंज प्रखंड संगठन का विस्तार किया गया. ओमप्रकाश यादव को विद्यालय अध्यापक प्रकोष्ठ का अध्यक्ष, सतीश सिंह को प्रधान शिक्षक प्रकोष्ठ का सचिव, रिंकू अहमद को नगर अध्यक्ष और रितेश पांडेय को मीडिया प्रभारी बनाया गया.
वहीं अमरेंद्र कुमार मिश्र को संयोजक, कामेश्वर महतो को उप संयोजक, मो. नईम को उपाध्यक्ष, राजीव सिंह को महासचिव, अब्दुल रहमान को कोषाध्यक्ष, गजेंद्र यादव को उप कोषाध्यक्ष और इकबाल खां को प्रधान शिक्षक प्रकोष्ठ का उपाध्यक्ष बनाया गया.
शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए काम करने का संकल्प
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने और शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रियता से काम करने का संकल्प लिया. बैठक में शिक्षक नेताओं ने संगठन के माध्यम से शिक्षकों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने की बात कही.
इस मौके पर शिक्षक नेता इंद्रजीत महतो, पीयूष तिवारी, प्रखंड अध्यक्ष अनिल दास, सचिव स्वामीनाथन राय, रितेश पांडेय, विजय कुमार, राजेश सिंह, मुन्ना कुमार, अमरनाथ गुप्ता, विशाल पांडेय, दयाशंकर यादव, अखिलेश ठाकुर, बलिराम चौधरी, तेजनारायण राय, फरियाद अहमद और नलीन कुमार समेत कई शिक्षक उपस्थित थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए