पीजी की दूसरी मेधा सूची में शामिल छात्रों के नामांकन की तिथि 19 सितंबर तक बढ़ी
जेपीयू का प्रशासनिक भवन | Prabhat Khabar Network
Saran News : जेपीयू में पीजी सत्र 2026-28 के लिए दूसरी मेधा सूची में शामिल छात्र-छात्राओं के लिए खुशखबरी है. नामांकन की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 19 सितंबर कर दिया गया है. यह अंतिम विस्तार है, इसलिए छात्र निर्धारित प्रक्रिया का पालन कर अपना प्रवेश सुनिश्चित करें.
Saran News : पीजी सत्र 2026-28 में दूसरी मेधा सूची में शामिल छात्र-छात्राओं के नामांकन की तिथि विस्तारित कर दी गयी है. अब संबंधित छात्र 19 सितंबर तक अपना नामांकन करा सकेंगे. इस संबंध में छात्र कल्याण विभाग के अध्यक्ष डॉ. राणा विक्रम सिंह ने नोटिफिकेशन जारी किया है. पहले दूसरी मेधा सूची के आधार पर नामांकन की अंतिम तिथि 16 सितंबर निर्धारित थी.
अंतिम बार बढ़ायी गयी नामांकन की तिथि
डॉ. राणा विक्रम सिंह ने बताया कि दूसरी मेधा सूची में शामिल छात्र-छात्राओं को विस्तारित अवधि में निर्धारित प्रक्रिया के तहत नामांकन कराने का अवसर दिया गया है. सभी पीजी कॉलेजों तथा विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित 17 पीजी विभागों में नामांकन की तिथि बढ़ाये जाने से संबंधित नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि नामांकन की तिथि अंतिम बार विस्तारित की गयी है. इसके बाद नामांकन प्रक्रिया बंद कर दी जायेगी. दूसरी मेधा सूची के तहत अब तक तीन छात्र-छात्राओं का नामांकन हो चुका है. ये छात्र निर्धारित शेड्यूल के अनुसार कक्षाओं में शामिल हो सकते हैं. नामांकन के दौरान छात्रों को रोल नंबर भी आवंटित किया जा रहा है.
नामांकन से जुड़ी जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध
नामांकन प्रक्रिया से संबंधित सभी जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है. छात्रों को सबसे पहले जेपीयू की वेबसाइट और समर्थ पोर्टल पर जाकर मेधा सूची देखनी होगी. इसके बाद वेबसाइट से अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड करना होगा. ऑनलाइन भरे गये नामांकन फॉर्म की प्रति और सभी आवश्यक शैक्षणिक दस्तावेजों के साथ संबंधित कॉलेज के पीजी विभाग में जाकर दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा.
फॉर्म के सत्यापन के बाद विभाग स्तर पर छात्रों को ऑनलाइन माध्यम से नामांकन शुल्क जमा करने का विकल्प उपलब्ध कराया जायेगा. शुल्क जमा करने के बाद उसकी रसीद, सभी शैक्षणिक दस्तावेज और सत्यापित फॉर्म नामांकन काउंटर पर जमा करना होगा. इसके बाद छात्रों को रोल नंबर उपलब्ध कराया जायेगा.
Also Read : बक्सर में पितृ पक्ष की तैयारियां शुरू, 26 सितंबर से शुरू होगा श्राद्ध महालय
पीजी में 5200 सीटों पर होना है नामांकन
सत्र 2026-28 में छपरा, सीवान और गोपालगंज के पीजी कॉलेजों तथा विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित 17 पीजी विभागों में कुल 5200 सीटों पर नामांकन होना है. पहली मेधा सूची के आधार पर 1950 छात्र-छात्राओं का नामांकन हो चुका है. वहीं, दूसरी मेधा सूची में करीब दो हजार छात्र-छात्राओं के नाम जारी किये गये हैं, जिनके नामांकन की प्रक्रिया अभी जारी है.
17 विषयों में लिया जायेगा दाखिला
जेपीयू के अंतर्गत पीजी में भौतिकी, रसायन शास्त्र, गणित, जूलॉजी, बॉटनी, हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, उर्दू, इतिहास, अर्थशास्त्र, मनोविज्ञान, दर्शनशास्त्र, राजनीति विज्ञान, भूगोल, वाणिज्य और गृह विज्ञान विषय में नामांकन लिया जायेगा.
Also Read : बक्सर में भारी बारिश से डीईओ कार्यालय परिसर जलमग्न, लाखों के निर्माण के बाद भी जलजमाव से राहत नहीं
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए