जेपीयू में पीजी नामांकन की दूसरी मेधा सूची जारी, 12 से 16 सितंबर तक होगा नामांकन, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन अनिवार्य
नामांकन कराने पहुंची छात्राएं
छपरा में जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) के पीजी सत्र 2026-28 के लिए दूसरी मेधा सूची जारी कर दी गई है. नामांकन प्रक्रिया 12 से 16 सितंबर तक चलेगी, जिसमें दस्तावेजों का सत्यापन भी शामिल है.
छपरा में पीजी सत्र 2026-28 में जारी की गयी दूसरी मेधा सूची के आधार पर नामांकन की प्रक्रिया शनिवार से शुरू कर दी गयी. जयप्रकाश विश्वविद्यालय के सभी 17 पीजी विभागों के साथ छपरा, सिवान और गोपालगंज के अंतर्गत संचालित पीजी कॉलेजों में विभाग स्तर पर नामांकन लिया जा रहा है.
नामांकन की मेधा सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट और समर्थ पोर्टल पर अपलोड की गयी है. छात्र-छात्राएं अपना यूजर आइडी और पासवर्ड डालकर मेधा सूची के साथ अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड कर सकेंगे. अलॉटमेंट लेटर के साथ ऑनलाइन भरे गये आवेदन फॉर्म की प्रति और सभी एकेडमिक कागजातों की छाया प्रति संलग्न कर संबंधित विभाग में जमा करनी होगी.
मूल कागजात से होगा सभी दस्तावेजों का मिलान
विभाग में जमा किये गये सभी कागजातों का मूल दस्तावेजों के साथ मिलान किया जायेगा. इसके बाद अंतिम रूप से सत्यापन होने पर नामांकन की स्वीकृति दी जायेगी. नामांकन की स्वीकृति मिलने के बाद छात्र-छात्राएं ऑनलाइन मोड में ही शुल्क जमा करेंगे.
शुल्क जमा करने के बाद उसकी एक रसीद सभी कागजातों के साथ कॉलेज या विभाग के काउंटर पर जमा करनी होगी. इसके बाद नामांकन की स्वीकृति प्रदान करते हुए छात्र-छात्राओं को रोल नंबर अलॉट कर दिया जायेगा.
कॉलेजों और पीजी विभागों में हेल्प डेस्क
नामांकन के दौरान छात्र-छात्राओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए सभी कॉलेजों और विश्वविद्यालय के पीजी विभागों में हेल्प डेस्क भी संचालित किया जा रहा है. शनिवार को हालांकि अधिकतर कॉलेजों में नामांकन के लिए काफी कम संख्या में छात्र-छात्राएं पहुंचे.
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से सोमवार से नामांकन के लिए छात्रों की संख्या बढ़ने की उम्मीद जतायी जा रही है.
12 से 16 सितंबर तक होगा नामांकन और वेरिफिकेशन
विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण विभाग के अध्यक्ष डॉ राणा विक्रम सिंह ने बताया कि नामांकन की प्रक्रिया 12 से 16 सितंबर तक चलेगी. इसी अवधि में सभी डाक्यूमेंट्स का वेरिफिकेशन भी किया जायेगा.
उन्होंने बताया कि सभी कॉलेजों और विश्वविद्यालय के पीजी विभागों के नोटिस बोर्ड पर नामांकन से संबंधित सूचना प्रकाशित कर दी गयी है. नामांकन के समय लगने वाले कागजातों की जानकारी भी समर्थ पोर्टल पर अपडेट कर दी गयी है. छात्र-छात्राओं को सभी जरूरी कागजातों के साथ ही नामांकन कराने पहुंचने की सलाह दी गयी है, ताकि फॉर्म वेरिफिकेशन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.
नामांकन के समय ये कागजात लाना जरूरी
नामांकन के समय आवेदन फॉर्म की कॉपी, अलॉटमेंट लेटर, 10वीं, 12वीं तथा स्नातक परीक्षा के अंक पत्र और प्रमाण पत्र, सीएलसी की मूल कॉपी, रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, माइग्रेशन सर्टिफिकेट, लागू होने की स्थिति में आरक्षण व जाति प्रमाण पत्र, चार पासपोर्ट साइज के रंगीन फोटो, आधार कार्ड और अपार आइडी लाना अनिवार्य है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए