जयप्रकाश विश्वविद्यालय के पीजी फर्स्ट सेमेस्टर सत्र 2026-28 में नामांकन, दूसरी मेधा सूची में करीब 2000 छात्रों का नाम
फोटो, जेपीयू का प्रशासनिक भवन | Prabhat Khabar Network
जयप्रकाश विश्वविद्यालय पीजी सत्र 2026-28 की दूसरी मेधा सूची 10 सितंबर को जारी करेगा। छात्र समर्थ पोर्टल पर अपना नाम चेक कर सकते हैं।
JPU PG Admission 2026 : जयप्रकाश विश्वविद्यालय के पीजी फर्स्ट सेमेस्टर सत्र 2026-28 में नामांकन के लिए दूसरी मेधा सूची 10 सितंबर को जारी की जायेगी. विश्वविद्यालय छात्र कल्याण विभाग के अध्यक्ष डॉ. राणा विक्रम सिंह ने बताया कि दूसरी मेधा सूची लगभग तैयार कर ली गयी है. बुधवार को अंतिम रूप से सूची का सत्यापन किया जायेगा. इसके बाद गुरुवार को इसे विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर प्रकाशित कर दिया जायेगा.
समर्थ पोर्टल पर देख सकेंगे मेधा सूची
दूसरी मेधा सूची जारी होने के बाद छात्र-छात्राएं समर्थ पोर्टल पर लॉगिन कर अपना नाम और आवंटित कॉलेज की जानकारी देख सकेंगे. मेधा सूची छात्रों द्वारा आवेदन के दौरान चुने गये कॉलेज विकल्प और आरक्षण रोस्टर को ध्यान में रखकर तैयार की गयी है.
करीब 2000 छात्रों को मिलेगा दाखिले का मौका
छात्र कल्याण विभाग के अध्यक्ष के अनुसार दूसरी मेधा सूची में करीब 2000 छात्र-छात्राओं का नाम शामिल किया गया है. जेपीयू के वर्तमान पीजी सत्र में कुल 5200 सीटों पर दाखिला होना है. इनमें पहली मेधा सूची के आधार पर 1950 सीटों पर नामांकन पूरा हो चुका है.
3250 सीटें बचीं, दूसरी सूची में 2000 सीटें आवंटित
पहली मेधा सूची के बाद पीजी में 3250 सीटें खाली हैं. इनमें से करीब 2000 सीटों पर दाखिले के लिए दूसरी मेधा सूची जारी की जा रही है. सूची जारी होने के अगले दिन से ही संबंधित कॉलेजों और विश्वविद्यालय के पीजी विभागों में नामांकन शुरू हो जायेगा.
कॉलेजों और पीजी विभागों को पहले ही जारी हो चुका है गाइडलाइन
नामांकन प्रक्रिया को लेकर विश्वविद्यालय की ओर से सभी पीजी कॉलेजों के प्राचार्यों और विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित 17 पीजी विभागों के अध्यक्षों को पहले ही गाइडलाइन जारी की जा चुकी है. दूसरी मेधा सूची के आधार पर नामांकन की प्रक्रिया इसी दिशा-निर्देश के अनुसार पूरी की जायेगी.
कई कॉलेजों में इस सत्र से शुरू हुई पीजी की पढ़ाई
जेपीयू के विभिन्न अंगीभूत कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-28 से पीजी के कई प्रमुख विषयों की पढ़ाई शुरू करने की अनुमति मिली है. इससे उन कॉलेजों के विद्यार्थियों को राहत मिली है, जहां पहले पीजी के प्रमुख विषय उपलब्ध नहीं थे और उच्च शिक्षा के लिए उन्हें दूसरे संस्थानों पर निर्भर रहना पड़ता था.
इन कॉलेजों में शुरू हुए पीजी के नये विषय
सत्र 2026-28 से जगदम कॉलेज, रामजयपाल कॉलेज, गंगा सिंह कॉलेज, एचआर कॉलेज अमनौर, नंदलाल सिंह कॉलेज दाऊदपुर, राजा सिंह महाविद्यालय सीवान, विद्या भवन महाविद्यालय सीवान, नारायण महाविद्यालय गोरेयाकोठी, भोला प्रसाद सिंह महाविद्यालय भोरे, महेंद्र महिला महाविद्यालय गोपालगंज, गोपेश्वर महाविद्यालय हथुआ, कमला राय महाविद्यालय गोपालगंज, वाइएन कॉलेज दिघवारा, एचआर महाविद्यालय मैरवा, पीएन कॉलेज परसा और जयप्रकाश महिला कॉलेज छपरा में पीजी के नये विषयों के संचालन की स्वीकृति मिली है. इन कॉलेजों में भी विद्यार्थियों ने नामांकन के लिए आवेदन किया है.
पीजी में इन विषयों में होगा नामांकन
जेपीयू के अंतर्गत पीजी में भौतिकी, रसायन शास्त्र, गणित, जूलॉजी, बॉटनी, हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, उर्दू, इतिहास, अर्थशास्त्र, मनोविज्ञान, दर्शनशास्त्र, राजनीति विज्ञान, भूगोल, वाणिज्य और गृह विज्ञान विषय में नामांकन लिया जायेगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए