सारण: मढ़ौरा में छात्रवृत्ति के लिए ओटीआर कराने उमड़ी छात्रों की भीड़, आज अंतिम मौका
मढ़ौरा हाई स्कूल परिसर में छात्र-छात्राओं की भीड़ | Prabhat Khabar Network
बिहार के विद्यालयों में छात्रवृत्ति योजना का लाभ लेने के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) कराने का आज अंतिम दिन है. मढ़ौरा सहित पूरे राज्य में छात्र-छात्राओं की भीड़ उमड़ पड़ी है. यह योजना अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए है.
Saran News : मढ़ौरा प्रखंड क्षेत्र के स्थानीय नगर स्थित हाई स्कूल मढ़ौरा सहित पूरे बिहार के विद्यालयों में छात्रवृत्ति योजना का लाभ लेने के लिए ओटीआर (वन टाइम रजिस्ट्रेशन) कराने का शनिवार को अंतिम मौका रहा. अंतिम तिथि समाप्त होने से पहले ओटीआर कराने के लिए शहर के कॉमन सर्विस सेंटर, साइबर कैफे और फोटोस्टेट की दुकानों पर छात्र-छात्राओं की भीड़ उमड़ पड़ी.
छात्रवृत्ति के लिए 14 अंकों का ओटीआर अनिवार्य
छात्रवृत्ति का ऑनलाइन आवेदन करने के लिए 14 अंकों की विशिष्ट डिजिटल पहचान यानी ओटीआर नंबर जरूरी है. यह ओटीआर छात्र के आधार कार्ड और बैंक खाते के माध्यम से जनरेट किया जा रहा है. पंजीकरण पूरा होने के बाद प्राप्त पर्ची निकालकर संबंधित स्कूल में जमा करना भी अनिवार्य है.
नौवीं और उससे ऊपर के विद्यार्थियों के लिए जरूरी
कक्षा नौवीं और उससे ऊपर की कक्षाओं में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति का ऑनलाइन आवेदन करने से पहले ओटीआर कराना अनिवार्य किया गया है. एक बार ओटीआर नंबर जारी होने के बाद विद्यार्थी आगामी कक्षाओं में भी इसी नंबर का इस्तेमाल कर छात्रवृत्ति योजना का लाभ ले सकेंगे.
एससी, एसटी और ओबीसी विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
यह योजना सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए नहीं है. ओटीआर पंजीकरण अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र छात्र-छात्राओं के लिए किया जा रहा है.
अंतिम दिन पात्र छात्रों ने कराया पंजीयन
मढ़ौरा हाई स्कूल के शिक्षक अरविंद उपाध्याय ने बताया कि शनिवार को ओटीआर पंजीकरण का अंतिम दिन है. जिन पात्र विद्यार्थियों के पास आधार कार्ड और बैंक खाता है, उन्हें समय रहते पंजीकरण करा लेना चाहिए, ताकि इस सत्र की छात्रवृत्ति से वे वंचित न हों.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए