सारण के मढ़ौरा में अनियंत्रित पिकअप गाड़ी पलटी, आधा दर्जन लोग घायल, दो सदर अस्पताल रेफर
एआई से बनायी गयी सांकेतिक तस्वीर
मढ़ौरा में अनियंत्रित पिकअप वाहन पलटने से आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. दो की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें छपरा रेफर किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Saran News: मढ़ौरा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर मुख्यपथ पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप वाहन सड़क किनारे पलट गया, जिसमें सवार आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई.
प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों के अनुसार, पिकअप की रफ्तार काफी तेज थी. अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे लगे दो बिजली के खंभों को क्षतिग्रस्त करते हुए पलट गया. हादसे के बाद वाहन में सवार यात्री उसके नीचे दब गए.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए पुलिस की मदद से सभी घायलों को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल मढ़ौरा पहुंचाया गया.
दो घायलों को छपरा किया गया रेफर
अनुमंडल अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया. इसके बाद दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. रेफर किए गए घायलों की पहचान साबिर मियां, निवासी ओल्हनपुर, और गुड्डू नट, निवासी खाकी मठिया के रूप में हुई है.
वहीं, अन्य घायलों में सूरज नट, चंदन नट, लड्डू नट और पवन बांसफोर का इलाज अनुमंडल अस्पताल मढ़ौरा में ही जारी है. चिकित्सक घायलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.
पुलिस जांच में जुटी
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली. दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए