सारण के मढ़ौरा में एंबुलेंस और बालू लदे ट्रक की जोरदार टक्कर, चार लोग घायल, चालक केबिन में फंसा
घटना स्थल की तस्वीर.
सारण के मढ़ौरा में एक गंभीर हादसा हुआ, जहां बालू लदे ट्रक और मरीज को अस्पताल ले जा रही एंबुलेंस की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई. इस हादसे में चार लोग घायल हो गए, जबकि चालक एंबुलेंस के केबिन में फंस गया.
छपरा से आदर्श गुप्ता की रिपोर्ट
मढ़ौरा (सारण): मरीज को अस्पताल पहुंचाने वाली एंबुलेंस शनिवार शाम हादसे का शिकार हो गयी. मढ़ौरा थाना क्षेत्र में SH-90 पर खालिसपुर मठिया के पास बालू लदे ट्रक और एंबुलेंस की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गयी. टक्कर के बाद एंबुलेंस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकरायी. हादसे में एंबुलेंस में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गये, जबकि चालक वाहन के केबिन में फंस गया.
टक्कर के बाद केबिन में फंसा चालक
हादसे के बाद एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. चालक केबिन में फंस गया था. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी.
पुलिस और स्थानीय लोगों ने चालक को बाहर निकाला
सूचना मिलने के बाद गौरा पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने क्षतिग्रस्त एंबुलेंस में फंसे चालक को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
एंबुलेंस में सवार चारों घायलों को तत्काल नगरा पीएचसी पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद सभी की स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए छपरा रेफर कर दिया गया.
हादसे के बाद ट्रक चालक फरार
दुर्घटना के बाद बालू लदे ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है. फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.
JCB से हटाये गये क्षतिग्रस्त वाहन
हादसे के बाद दोनों वाहन सड़क पर क्षतिग्रस्त हालत में फंस गये, जिससे SH-90 पर यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की कतार लग गयी. स्थिति को देखते हुए थानाप्रभारी महताब खां ने JCB मंगवायी.
JCB की मदद से एंबुलेंस और ट्रक को सड़क से हटाया गया. इसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए