छपरा में 25 से 27 सितंबर तक होगी चेस क्विज प्रतियोगिता, बच्चों को शतरंज से जोड़ने की पहल
Ai से बनाई गई तस्वीर
इंडिया चेसमाइंड ग्रुप छपरा में 25 से 27 सितंबर तक एक चेस क्विज प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है. इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों और युवाओं के बीच शतरंज के प्रति रुचि जगाना है. क्विज के माध्यम से उन्हें खेल के नियम और रणनीतियाँ सिखाई जाएंगी.
saran News : छपरा जिले में शतरंज खेल के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इंडिया चेसमाइंड ग्रुप की पहल पर 25 से 27 सितंबर तक चेस क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा. प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों और युवाओं के बीच शतरंज के प्रति रुचि विकसित करने और उन्हें इस खेल की बारीकियों से परिचित कराने का प्रयास किया जायेगा.
शतरंज के नियम और रणनीति की मिलेगी जानकारी
इंडिया चेसमाइंड ग्रुप की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों को शतरंज के खेल से जोड़ना है. क्विज के माध्यम से प्रतिभागियों को शतरंज के नियम, मोहरों की चाल, रणनीति और खेल से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों से परिचित कराया जायेगा.
ग्रुप के संस्थापक और विश्व शतरंज महासंघ से प्रमाणित राष्ट्रीय शतरंज प्रशिक्षक राज शेखर ने बताया कि बच्चों के मानसिक विकास में शतरंज की महत्वपूर्ण भूमिका है. चेस क्विज के जरिये शतरंज को बच्चों तक एक नये और रोचक तरीके से पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को शतरंज के बारे में जानने, समझने और इसे खेलने के लिए प्रेरित करना है.
तीन चरणों में होगी प्रतियोगिता
चेस क्विज प्रतियोगिता का आयोजन 25, 26 और 27 सितंबर को तीन चरणों में किया जायेगा. प्रतियोगिता में प्रतिभागियों से शतरंज से संबंधित 30 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे. प्रतियोगिता से जुड़ी विस्तृत जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध करायी गयी है.
क्विज के लिए समिति गठित
प्रतियोगिता के सफल और व्यवस्थित आयोजन के लिए राज शेखर की ओर से विशेष क्विज समिति का गठन किया गया है. सीनियर नेशनल आर्बिटर कुमार शुभम, नेशनल आर्बिटर सनी सिंह, नेशनल इंस्ट्रक्टर मोहित कुमार सोनी और शतरंज खिलाड़ी रणधीर कुमार सिंह को क्विज मास्टर की जिम्मेदारी दी गयी है.
वहीं आदित्य नंदन को आयोजन सचिव बनाया गया है. आयोजन समिति प्रतियोगिता के सभी चरणों को व्यवस्थित तरीके से संचालित करेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए