सारण में बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंची राहत सामग्री, 325 परिवारों को मिला सूखा राशन
राहत वितरण करते सांसद की टीम | Prabhat Khabar Network
सारण में बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत अभियान जारी है. सरकारी सूखे राशन से वंचित 325 परिवारों को सांसद राजीव प्रताप रूडी ने अपने सेवा वाहन से राहत सामग्री पहुंचाई. इससे प्रभावित परिवारों को तत्काल मदद मिली.
Saran News : सारण में आयी भीषण बाढ़ के बाद प्रभावित परिवारों की मदद के लिए राहत अभियान लगातार जारी है. इसी क्रम में बरहारा महाजी पंचायत के वार्ड संख्या 3, 4 और 5 में करीब 325 बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया गया. स्थानीय स्तर पर कई परिवारों के राहत सामग्री से वंचित रहने की सूचना मिलने के बाद सांसद राजीव प्रताप रूडी ने अपने सेवा वाहन के माध्यम से 350 राहत पैकेट उपलब्ध कराये.
सरकारी सूखा राशन से वंचित परिवारों की मिली जानकारी
बताया गया कि पंचायत प्रतिनिधियों की कथित लापरवाही के कारण कई बाढ़ प्रभावित परिवारों को सरकारी स्तर पर मिलने वाला सूखा राशन नहीं मिल सका था. इसकी जानकारी स्थानीय कार्यकर्ताओं पूर्व मुखिया सुदर्शन महतो, अवधेश कुमार, मनोज कुमार और पूर्व बीडीसी जितेंद्र राय को मिली. इसके बाद उन्होंने रिविलगंज प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह चौहान, रिंकू सिंह और जिला प्रवक्ता मदन कुमार सिंह को पूरे मामले की जानकारी दी.
स्थानीय कार्यकर्ताओं की ओर से मिली जानकारी के बाद सांसद राजीव प्रताप रूडी को भी मामले से अवगत कराया गया. इसके बाद प्रभावित परिवारों के लिए राहत पैकेट उपलब्ध कराये गये.
राहत पैकेट में रोजमर्रा की जरूरी खाद्य सामग्री
राहत पैकेट में आटा, चावल, सरसों तेल, रिफाइन, चना, मसूर दाल, चना दाल, चीनी, नमक, धनिया पाउडर और मिर्च पाउडर समेत रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली आवश्यक खाद्य सामग्री शामिल थी. राहत सामग्री मिलने से बाढ़ प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत मिली.
कंट्रोल रूम से बाढ़ प्रभावित इलाकों की निगरानी
वितरण के दौरान रिविलगंज प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि सांसद राजीव प्रताप रूडी लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी कार्यकर्ताओं से लेते रहे हैं. प्रभावित इलाकों में राहत पहुंचाने के लिए नाव के माध्यम से भी टीमों को भेजा गया.
उन्होंने बताया कि सांसद के कंट्रोल रूम के माध्यम से लोकसभा क्षेत्र में बाढ़ के साथ-साथ स्वास्थ्य, बिजली और अन्य समस्याओं की भी निगरानी की जा रही है. स्थानीय स्तर पर मिलने वाली शिकायतों और जरूरतों के आधार पर राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है.
राहत सामग्री वितरण के दौरान भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष चंदू सिंह, अनूप यादव, रमेश कुमार, हरि जी, नागेंद्र कुमार सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए