सारण में इस माह होगी जिला स्तरीय उर्दू भाषण प्रतियोगिता, भव्य आयोजन की तैयारी शुरू; डीएम करेंगे ‘जिला उर्दूनामा’ का लोकार्पण
छपरा में जिला स्तरीय उर्दू भाषण प्रतियोगिता भव्य रूप से आयोजित होगी। कार्यक्रम में जिलाधिकारी जिला उर्दूनामा का लोकार्पण करेंगे। उर्दू कोषांग की बैठक में समीक्षा हुई।
saran News : सारण में जिला स्तरीय उर्दू भाषण प्रतियोगिता को इस बार भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारी शुरू हो गयी है. उर्दू निदेशालय, मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के निर्देश के अनुसार उर्दू भाषी छात्रों के प्रोत्साहन के लिए प्रतियोगिता का आयोजन सितंबर के अंत तक किया जाएगा. इसकी तैयारियों को लेकर जिला उर्दू भाषा कोषांग ने संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं.
उर्दू भाषी छात्रों के लिए होगा विशेष आयोजन
जिला उर्दू भाषा कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी सह उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद एकबाल ने मासिक बैठक में कहा कि प्रतियोगिता को यादगार बनाने के लिए सभी स्तर पर तैयारी अभी से शुरू कर दी जाए. उन्होंने जिला स्तर के साथ-साथ अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर कार्यरत उर्दू अनुवादकों, लिपिकों और उर्दू कर्मियों को आयोजन से जुड़ी जिम्मेदारियां पूरी करने का निर्देश दिया.
भाषा प्रेमियों और शायरों को भी मिलेगा निमंत्रण
जावेद एकबाल ने कहा कि कार्यक्रम में प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्रों के अलावा जिले के भाषा प्रेमियों, लेखकों, शायरों और उर्दू शिक्षकों को भी आमंत्रित किया जाए. इससे छात्रों को उर्दू भाषा और साहित्य से जुड़े लोगों के साथ संवाद का अवसर मिलेगा.
डीएम करेंगे ‘जिला उर्दूनामा’ का लोकार्पण
उन्होंने बताया कि उर्दू निदेशालय के तत्वावधान में हर वर्ष प्रकाशित होने वाली पत्रिका ‘जिला उर्दूनामा’ इस बार मुद्रण के लिए प्रेस में जा चुकी है. इसका लोकार्पण जिला स्तरीय उर्दू भाषण प्रतियोगिता के दौरान जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव करेंगे.
अगली पत्रिका के लिए अभी से मांगी जाएंगी रचनाएं
प्रभारी पदाधिकारी ने कर्मियों और पत्रिका की परामर्शदात्री समिति के सदस्यों से अगली ‘जिला उर्दूनामा’ की तैयारी भी शुरू करने का आग्रह किया. उन्होंने जिले से जुड़े रचनाकारों और भाषा के विद्वानों से रचनाएं आमंत्रित कर उनका संकलन शुरू करने को कहा.
हर सप्ताह सरकारी स्कूलों का भ्रमण करेंगे उर्दू कर्मी
बैठक में उर्दू कर्मियों के पिछले एक माह के कार्यों की भी समीक्षा की गयी. निदेशक, मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग, उर्दू निदेशालय, बिहार के निर्देश के अनुसार सभी कार्यालयों में पदस्थापित उर्दू कर्मियों को सप्ताह में एक दिन अपने क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों का भ्रमण करना होगा.
उर्दू छात्रों और शिक्षकों से जुड़ी जानकारी जुटाने का निर्देश
भ्रमण के दौरान उर्दू भाषी छात्रों की संख्या, उर्दू में प्रश्न पत्रों की उपलब्धता, उर्दू की किताबों की स्थिति, विद्यालयों में कार्यरत उर्दू शिक्षकों की संख्या और रिक्त पदों से संबंधित जानकारी जुटायी जाएगी. इसकी रिपोर्ट निर्धारित प्रपत्र में नियंत्री पदाधिकारी के माध्यम से जिला उर्दू भाषा कोषांग को भेजनी होगी.
बुधवार को स्कूलों का निरीक्षण करेंगे कर्मी
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के आदेश के अनुसार जिला उर्दू भाषा कोषांग के अलावा अनुमंडल, प्रखंड और अंचल कार्यालयों में पदस्थापित सभी उर्दू कर्मी प्रत्येक सप्ताह बुधवार को अपने क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों का भ्रमण करेंगे. बुधवार को अवकाश रहने की स्थिति में अगले कार्य दिवस पर भ्रमण किया जाएगा.
सरकारी भवनों पर हिंदी के साथ उर्दू में भी लिखे जाएंगे नाम
उर्दू कर्मियों को भ्रमण के दौरान अपने क्षेत्र के सरकारी कार्यालयों, भवनों और विद्यालयों के नाम हिंदी के साथ-साथ उर्दू में लिखवाने के लिए भी पहल करने का निर्देश दिया गया है. अधिकारियों के अनुसार इससे सरकारी संस्थानों में उर्दू के उपयोग को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी.
बैठक में ये लोग रहे मौजूद
मासिक बैठक में मो. हारून रशीद, अफसाना परवीन, शाहनवाज खान, आयुष कुमार, शेखावत अली अंसारी समेत अन्य कर्मी उपस्थित रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए