सारण में 11 महीने में माता-पिता ने खोये दो बेटे, दिघवारा हादसे में मृत चंदन की हुई पहचान
मृतक चंदन की फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
सारण के दिघवारा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय चंदन कुमार की मौत हो गई. यह परिवार के लिए दूसरा बड़ा सदमा है, क्योंकि 11 महीने पहले ही उन्होंने अपने बड़े बेटे को खो दिया था.
Saran news : छपरा-हाजीपुर फोरलेन पर दिघवारा थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव के समीप शुक्रवार की देर शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मृत युवक की पहचान हो गयी है. मृतक हरिहरनाथ ओपी क्षेत्र के सोनपुर आदम गांव निवासी बालेश्वर महतो का 24 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार था. हादसे में चंदन की मौके पर ही मौत हो गयी थी. पुलिस ने बाइक के रजिस्ट्रेशन और अन्य माध्यमों से उसकी पहचान कर परिजनों को घटना की जानकारी दी.
मित्र के साथ बाइक से लौट रहा था चंदन
जानकारी के अनुसार चंदन कुमार अपने मित्र राकेश कुमार के साथ बाइक से छपरा से सोनपुर आदम स्थित घर लौट रहा था. सैदपुर गांव के समीप अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. वाहन से कुचलने के कारण चंदन की मौके पर ही मौत हो गयी. स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के समय बाइक चंदन ही चला रहा था.
घटना के बाद उसके साथ मौजूद राकेश कुमार की स्थिति ऐसी नहीं थी कि वह तत्काल कुछ बता सके. इस वजह से पुलिस को मृतक की पहचान करने में परेशानी हुई. बाद में बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर और अन्य माध्यमों से पुलिस ने मृत युवक की पहचान की और परिजनों को सूचना दी.
11 महीने में दो बेटों को खो चुके हैं माता-पिता
चंदन के परिवार पर लगातार दूसरा बड़ा दुख आया है. बीते अक्टूबर में चंदन के बड़े भाई छोटू की मौत हो गयी थी. इसके महज 11 महीने के भीतर सड़क हादसे में चंदन की भी जान चली गयी. इस तरह माता-पिता ने 11 महीने के अंतराल में अपने दो बेटों को खो दिया.
चंदन की मौत की सूचना मिलते ही पिता बालेश्वर महतो और मां रीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. बालेश्वर महतो फल की दुकान चलाते हैं. परिजनों के अनुसार कुछ समय पहले ही चंदन घर आया था.
सुबह छह बजे निकला था, शाम को मिली मौत की खबर
परिजनों के अनुसार चंदन शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे अपने मित्र राकेश के साथ घर से निकला था. परिजनों को यह जानकारी नहीं थी कि वह कहां गया है. कुछ लोगों के अनुसार वह छपरा स्थित अपने ननिहाल गया था. दिनभर घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित थे.
इसी बीच शाम करीब छह बजे परिवार को दिघवारा में सड़क दुर्घटना में चंदन की मौत की खबर मिली. सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन घटनास्थल व अस्पताल की ओर रवाना हुए.
काली घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को चंदन का शव घर पहुंचा. शव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गयी. बाद में सोनपुर के काली घाट पर चंदन का अंतिम संस्कार किया गया. मंझले भाई सुबोध उर्फ नेपाली ने मुखाग्नि दी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए