सारण: दिघवारा के निचले इलाकों में तेजी से फैल रहा बाढ़ का पानी, सैकड़ों एकड़ फसल बर्बाद
दिघवारा से भैरोपुर जाने वाले रास्ते पर लबालब भरा बाढ़ का पानी | Prabhat Khabar Network
सारण में बाढ़ का पानी तेजी से निचले इलाकों में फैल रहा है, जिससे दिघवारा, दरियापुर और गड़खा प्रखंडों में सैकड़ों एकड़ खेत जलमग्न हो गए हैं. मक्का, धान और सब्जियों की फसलें बर्बाद होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है.
Saran News : फोरलेन सड़क के उत्तरी छोर से बाढ़ का पानी लगातार निचले इलाकों में फैल रहा है. दिघवारा, दरियापुर और गड़खा प्रखंड के चंवर क्षेत्रों में सैकड़ों एकड़ खेत जलमग्न हो गये हैं. खेतों में पानी भरने से मकई, धान और सब्जियों की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है. कई किसानों की तैयार फसल बर्बाद हो गयी है, जिससे उनकी पूंजी डूबने के साथ कर्ज का बोझ बढ़ने की चिंता भी गहरा गयी है.
सैकड़ों एकड़ खेतों में घुसा बाढ़ का पानी, फसलें बर्बाद
गंगा की उफनती लहरों का असर कम होने के बाद झौंवा से डोरीगंज के बीच सड़क के उत्तरी छोर की तरफ पानी गिरने लगा. इसके बाद बाढ़ का पानी तेजी से निचले इलाकों में फैलता चला गया. मूसेपुर, संठा, आमी, हराजी, मानुपुर, सैदपुर, चकनूर, दिघवारा मटिहान होते हुए पट्टी पुल के आसपास के खेतों तक पानी पहुंच गया है.
खेतों में पानी भरने से मकई और धान की फसल को व्यापक नुकसान हुआ है. वहीं सब्जी उत्पादक किसानों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा है. गोभी के साथ कद्दू, नेनुआ, भिंडी, मिर्च और बैंगन जैसी फसलें भी पानी में डूबकर खराब हो गयी हैं. किसानों का कहना है कि जिन फसलों से अच्छी आमदनी की उम्मीद थी, वे अब बाढ़ की भेंट चढ़ गयी हैं.
कर्ज लेकर खेती करने वाले किसानों की बढ़ी चिंता
कई किसानों ने खेती के लिए कर्ज लिया था. फसल बर्बाद होने से अब किसानों के सामने कर्ज चुकाने की चुनौती खड़ी हो गयी है. खेतों में लगी फसल के साथ किसानों की लागत भी डूब गयी है. ऐसे में किसानों के चेहरे पर मायूसी साफ नजर आ रही है.
बाढ़ का पानी लगातार निचले इलाकों में फैलने के कारण आने वाले दिनों में और खेतों के प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है. किसानों को चिंता है कि यदि पानी जल्द नहीं निकला, तो बची हुई फसल भी पूरी तरह बर्बाद हो सकती है.
दिघवारा-भैरोपुर रास्ते पर पानी, आवागमन बंद
बाढ़ का पानी कई ग्रामीण रास्तों पर भी चढ़ गया है. दिघवारा से भैरोपुर जाने वाले चंवर के रास्ते पर पूरी तरह पानी भर गया है. इस कारण इस मार्ग से लोगों का आवागमन बंद हो गया है. भैरोपुर के लोग अब दिघवारा आने-जाने के लिए मटिहान या मानपुर के रास्ते का सहारा ले रहे हैं.
इसी तरह फोरलेन सड़क से यदुनंदन कॉलेज जाने वाले रास्ते पर भी बाढ़ का पानी पहुंच गया है. इससे विद्यार्थियों और कॉलेज कर्मियों को परेशानी हो रही है. अब लोग बसतपुर और सरकारी अस्पताल के पीछे से होकर कॉलेज पहुंच रहे हैं.
सब्जियों की आवक घटी, आढ़तों में बढ़े दाम
बाढ़ का असर दिघवारा के सब्जी बाजार पर भी दिखने लगा है. गंगा से सटे क्षेत्रों के अलावा फोरलेन के किनारे स्थित चंवर क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में सब्जियां दिघवारा की आढ़तों तक पहुंचती हैं. अकिलपुर पंचायत के साथ नगर पंचायत क्षेत्र के सैदपुर और बगही में पानी फैलने से सब्जियों की फसल को काफी नुकसान हुआ है.
फोरलेन से सटे चंवर क्षेत्रों में चारों तरफ पानी फैलने के कारण अब पहले की तुलना में काफी कम मात्रा में सब्जियां आढ़तों तक पहुंच रही हैं. आवक कम होने का असर सब्जियों की कीमत पर भी पड़ा है. बाजार में कई सब्जियों के दाम बढ़ गये हैं, जिससे आम लोगों को खरीदारी के लिए पहले की तुलना में अधिक पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं.

आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए