सारण में सीपीआइ (एम) की बैठक संपन्न, 10 अगस्त को जेल भरो अभियान का आह्वान

Updated:
विज्ञापन
फोटो, बैठक में शामिल नेता व कार्यकर्ता  | Prabhat Khabar Network

बैठक में शामिल नेता व कार्यकर्ता

सीपीआइ (एम) की दो दिवसीय बैठक सारण में संपन्न हुई, जिसमें राज्य सचिव ललन चौधरी ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया. बैठक में 10 अगस्त को जेल भरो अभियान का आह्वान किया गया.

विज्ञापन

Saran News: सीपीआइ (एम) की दो दिवसीय बैठक मंगलवार को राज्य सचिव ललन चौधरी के समापन भाषण के साथ संपन्न हो गयी. बैठक की अध्यक्षता राज्य सचिव मंडल सदस्य अहमद अली ने की. समापन सत्र को संबोधित करते हुए राज्य सचिव ललन चौधरी ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा.

शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार पर हमला

ललन चौधरी ने शिक्षा व्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए आरोप लगाया कि शिक्षा के भगवाकरण और बाजारीकरण के माध्यम से युवा पीढ़ी को नुकसान पहुंचाया जा रहा है. उन्होंने बिहार के शिक्षा मंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जिनके नेतृत्व में शिक्षा व्यवस्था संचालित हो रही है, उनसे शैक्षणिक वातावरण में सुधार की उम्मीद नहीं की जा सकती.

उन्होंने सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए कहा कि शिक्षा, रोजगार और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से काम करने की जरूरत है.

आंदोलनकारियों पर कार्रवाई का लगाया आरोप

सीपीआइ (एम) के राज्य सचिव ने पुलिस कार्रवाई को लेकर भी सरकार पर हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग किया जा रहा है और पुलिस का मनोबल इतना बढ़ गया है कि प्रदर्शनकारियों पर एके-47 से गोली चलाने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं.

उन्होंने बुलडोजर कार्रवाई के जरिए गरीबों के घर उजाड़ने और आंदोलनों को दबाने को लेकर भी सरकार की आलोचना की. ललन चौधरी ने कहा कि ऐसी कार्रवाई को सुशासन नहीं कहा जा सकता.

10 अगस्त को जेल भरो अभियान का आह्वान

बैठक के दौरान राज्य सचिव ललन चौधरी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से 10 अगस्त को हजारों की संख्या में जेल भरो अभियान में शामिल होने का आह्वान किया. उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन को और मजबूत करने की अपील की.

दो महीने की गतिविधियों की समीक्षा

बैठक में जिला सचिव बटेश्वर महतो ने पिछले दो महीने की राजनीतिक और सांगठनिक गतिविधियों पर विस्तारपूर्वक समीक्षात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत की. इस दौरान संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गयी.

बैठक को मुख्य रूप से राज्य सचिव मंडल सदस्य विधायक अजय कुमार, पूर्व विधायक डॉ. सत्येंद्र यादव, अरुण तिवारी, सुनील राय, शिवशंकर राय, राजेंद्र प्रसाद, अमरेंद्र सिंह, विनोद राय, दलन यादव, वीरेंद्र सिंह, सुभाष मांझी, गंगा सागर और राजू मुखिया समेत अन्य नेताओं ने संबोधित किया.

इसे भी पढ़ें: बिहार में शिक्षकों के लिए नई एसओपी जारी, ट्रांसफर से पहले ये 5 बातें जानना जरूरी


विज्ञापन
Prabhat Kiran Himanshu

लेखक के बारे में

By Prabhat Kiran Himanshu

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन