छपरा के रौणित ने माउंट माछोई की चोटी पर फहराया तिरंगा, 16,830 फीट की ऊंचाई पर रचा इतिहास
उंट माछोई की चोटी पर सफलतापूर्वक तिरंगा फहराया
छपरा के वीर सपूत रौणित कुमार सिंह ने भारतीय वायुसेना के कॉरपोरल के तौर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. उन्होंने 16,830 फीट की ऊंचाई पर माउंट माछोई की चोटी पर तिरंगा फहराया है. यह कारनामा उन्होंने अपने साहस और दृढ़ संकल्प से कर दिखाया है.
Mountaineer Raunit Kumar (आदर्श गुप्ता): जिनके इरादे मजबूत होते हैं, वे मुश्किल से मुश्किल चुनौतियों को पार कर सफलता हासिल करते हैं. छपरा के एक जांबाज ने अपने साहस और दृढ़ संकल्प से यह साबित कर दिखाया है. गड़खा प्रखंड के नरावंव टोला निवासी और भारतीय वायुसेना में कॉरपोरल रौणित कुमार सिंह ने समुद्र तल से 5,130 मीटर यानी करीब 16,830 फीट की ऊंचाई पर स्थित माउंट माछोई की चोटी पर सफलतापूर्वक तिरंगा फहराया है.
आपके शहर में
रौणित ने यह उपलब्धि जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स (JIM&WS), पहलगाम, जम्मू-कश्मीर के एडवांस माउंटेनियरिंग कोर्स-54 के तहत हासिल की. 30 अगस्त 2026 की सुबह उन्होंने अपनी टीम के साथ बर्फ से ढकी माउंट माछोई की चोटी पर पहुंचकर तिरंगा फहराया.
रात दो बजे शुरू किया समिट पुश
29 अगस्त को बेस कैंप पहुंचने के बाद टीम ने 30 अगस्त की तड़के करीब दो बजे अंतिम चढ़ाई शुरू की. अभियान के दौरान टीम को बेहद कम तापमान, बर्फीली दरारों और कठिन चट्टानी रास्तों का सामना करना पड़ा. तमाम चुनौतियों को पार करते हुए रौणित और उनकी टीम ने सुबह 6:07 बजे माउंट माछोई की चोटी पर सफलता हासिल की.

बिहार से महज तीन पर्वतारोही हुए शामिल
एडवांस माउंटेनियरिंग कोर्स में देशभर से चुनिंदा पर्वतारोहियों ने हिस्सा लिया. इस कोर्स में बिहार से महज तीन पर्वतारोही शामिल थे. रौणित की इस उपलब्धि से उनके गांव नरावंव टोला समेत पूरे सारण जिले में खुशी का माहौल है.
View on Instagram
2019 में भारतीय वायुसेना में हुए थे भर्ती
रौणित कुमार सिंह सारण जिले के अवतारनगर थाना क्षेत्र के गड़खा प्रखंड स्थित नरावंव टोला के रहने वाले हैं. उनके पिता राकेश सिंह गांव में रहते हैं. रौणित दिसंबर 2019 में भारतीय वायुसेना में भर्ती हुए थे और वर्तमान में कॉरपोरल के पद पर कार्यरत हैं. वायुसेना की ओर से ही उन्हें एडवांस माउंटेनियरिंग कोर्स में शामिल होने का अवसर मिला.

बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स में हासिल किया था ए ग्रेड
रौणित ने वर्ष 2024 में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड अलाइड स्पोर्ट्स (NIMAS) से बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स ए ग्रेड के साथ पूरा किया था. इसके बाद उन्होंने 10 अगस्त से 2 सितंबर 2026 तक JIM&WS से एडवांस माउंटेनियरिंग कोर्स पूरा किया.
अब 7,000 मीटर से ऊंची चोटी फतह करने का सपना
माउंट माछोई का सफल अभियान रौणित का पहला समिट बताया जा रहा है. इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्होंने कहा कि यह उनके लिए सिर्फ शुरुआत है. अब उनका लक्ष्य भविष्य में 7,000 मीटर से अधिक ऊंची अंतरराष्ट्रीय चोटियों पर तिरंगा फहराना है.
रौणित की इस उपलब्धि पर उनके गांव नरावंव टोला सहित पूरे सारण जिले में खुशी की लहर है. स्थानीय लोगों ने इसे जिले और बिहार के लिए गौरव की उपलब्धि बताया है.
इसे भी पढ़ें: ‘झंडू कुमार’ को कभी नाम पर मिले ताने, मेडल जीते तो हुआ भव्य स्वागत, पीएम मोदी की भी मिली बधाई
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए