सारण: तीज की खरीदारी पर बैंक बंदी का असर, ATM में कैश नहीं मिलने से परेशान हुए लोग
तरैया एसबीआई बैंक के मुख्य शाखा व उसके परिसर में स्थित एटीएम का शटर बंद,पसरा सन्नटा नम्बर -1 एटीएम का शटर खुला लेकिन पैसा नदारत | Prabhat Khabar Network
तीज के त्योहार पर लगातार तीन दिन बैंक बंद रहने और एटीएम में नकदी न होने से सारण के बाजारों में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. त्योहार की खरीदारी के बावजूद अपेक्षित रौनक नहीं दिखी, जिससे खरीदार और व्यापारी दोनों निराश दिखे.
Saran News : तीज त्योहार के मौके पर लगातार तीन दिनों तक बैंकों के बंद रहने का सीधा असर बाजार पर पड़ा है. एसबीआई, पीएनबी, ग्रामीण बैंक और केनरा बैंक समेत अन्य बैंकों में कामकाज ठप रहने से त्योहार की खरीदारी के बावजूद बाजारों में अपेक्षित रौनक नहीं दिखी. वहीं, कई एटीएम में नकदी नहीं रहने से लोगों की परेशानी और बढ़ गयी.
तीन दिन बैंक बंद रहने से बढ़ी परेशानी
तीन सूत्री मांगों के समर्थन में शुक्रवार को बैंक कर्मी हड़ताल पर रहे. इसके बाद सितंबर महीने के दूसरे शनिवार के कारण शनिवार को बैंक बंद रहा. रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण बैंकों में कामकाज नहीं हुआ. लगातार तीन दिनों की बंदी के बाद अब सोमवार को बैंक खुलेंगे. ऐसे में सोमवार को बैंक खुलते ही ग्राहकों की भारी भीड़ जुटने की संभावना है.
तीज की खरीदारी पर पड़ा असर
सोमवार को तीज पर्व को लेकर सुहागिन महिलाएं कपड़े, प्रसाधन सामग्री, डलिया और फल समेत अन्य सामानों की खरीदारी के लिए बाजार पहुंचीं. कई महिलाएं खरीदारी के लिए बैंक और एटीएम से नकदी मिलने की उम्मीद में निकली थीं, लेकिन बैंक बंद रहने और कई एटीएम में पैसे नहीं मिलने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा.
सीएसपी केंद्रों पर भी दिखा असर
बैंकों में लगातार तीन दिनों तक लेन-देन बंद रहने का असर एटीएम के साथ-साथ सीएसपी केंद्रों पर भी देखने को मिला. कई जगह एटीएम और सीएसपी केंद्रों के शटर बंद मिले. स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहार के समय नकदी की जरूरत बढ़ जाती है. ऐसे में बैंक और एटीएम बंद रहने से आम लोगों के साथ कारोबारियों को भी परेशानी हुई. बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने का सीधा असर त्योहार की खरीदारी और बाजार के कारोबार पर पड़ा.

आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए