जयप्रकाश विश्वविद्यालय में अव्यवस्था के खिलाफ गोपालगंज में AISA का प्रदर्शन, कुलपति का पुतला फूंका
पुतला फूंकते आइसा के कार्यकर्ता | Prabhat Khabar Network
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) ने जयप्रकाश विश्वविद्यालय में शैक्षणिक अव्यवस्था और छात्रों की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया. कुलपति का पुतला फूंककर उन्होंने मूल अंकपत्र और 68 क्रेडिट सिस्टम को खत्म करने की मांग की.
JP University : जयप्रकाश विश्वविद्यालय में शैक्षणिक अव्यवस्था, कर्मचारियों की हड़ताल और छात्रों की समस्याओं के समाधान में कथित उदासीनता के खिलाफ ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) ने शनिवार को प्रदर्शन किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कुलपति का पुतला फूंककर नारेबाजी की और मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी.
मूल अंकपत्र और 68 क्रेडिट सिस्टम खत्म करने की मांग
आइसा के जिलाध्यक्ष कुणाल कौशिक ने कहा कि 10 सितंबर को संगठन के नेतृत्व में विश्वविद्यालय में आंदोलन किया गया था. इसमें सत्र 2023-27 के सेमेस्टर एक से चार तक के छात्रों को अविलंब मूल अंकपत्र उपलब्ध कराने, 68 क्रेडिट सिस्टम समाप्त करने और सभी कॉलेजों में हेल्प डेस्क की व्यवस्था करने की मांग की गयी थी. इसके साथ ही आवेदन जमा करने पर छात्रों को रिसीविंग देने की मांग भी उठायी गयी थी.
जेपीएम महिला कॉलेज में आवेदन जमा नहीं होने का आरोप
आइसा नेताओं के अनुसार, 11 सितंबर को संगठन की टीम ने जेपीएम महिला कॉलेज का जायजा लिया. वहां कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे थे. इसके कारण छात्रों के आवेदन जमा नहीं होने और उन्हें रिसीविंग नहीं मिलने की बात कही गयी. नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि ऑनलाइन भरे गये फॉर्म का कॉलेज स्तर पर सत्यापन नहीं होने से छात्रों के आवेदन रद्द होने की आशंका बनी हुई है.
कुलपति के कॉलेज निरीक्षण के दावे पर उठाये सवाल
कुणाल कौशिक ने कहा कि आंदोलन के दौरान कुलपति ने कॉलेजों का निरीक्षण करने का दावा किया था. लेकिन जेपीएम महिला कॉलेज में सामने आयी स्थिति ने विश्वविद्यालय प्रशासन के दावों पर सवाल खड़े कर दिये हैं. आइसा ने छात्रों की समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की.
हेल्प डेस्क, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग
आइसा के जिला सचिव विकास ने सभी कॉलेजों में हेल्प डेस्क की व्यवस्था करने की मांग की. उन्होंने कॉलेजों में सुरक्षा, पेयजल, शौचालय, कॉमन रूम और छात्रों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग उठायी.
मांगें पूरी नहीं हुईं तो तालाबंदी की चेतावनी
आइसा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन विश्वविद्यालय में तालाबंदी और उग्र आंदोलन करेगा.

आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए