राहत सामग्री पर बवाल: वार्ड सदस्या के बेटे पर मनमानी का आरोप, जदयू अध्यक्ष ने उठाए गंभीर सवाल
विरोध जताती बाढ़ पीड़ित महिलाएं | Prabhat Khabar Network
मोहिउद्दीननगर के राजाजान पंचायत में पॉलिथीन शीट वितरण में भेदभाव का आरोप, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन और जांच की मांग। जानें पूरी खबर।
राजाजान राहत वितरण: प्रखंड क्षेत्र की राजाजान पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 4 में पॉलिथीन शीट वितरण को लेकर विवाद गहरा गया है. राहत सामग्री से वंचित ग्रामीणों ने गुरुवार को सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया. आक्रोशित ग्रामीणों ने वार्ड सदस्या के पुत्र की कार्यशैली और कथित पक्षपातपूर्ण रवैये के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. ग्रामीणों का कहना है कि वास्तविक जरूरतमंदों को छोड़कर केवल रसूखदारों को लाभ पहुंचाया गया है.
राजस्व कर्मी की मिलीभगत से चहेतों को बांटी गई राहत
प्रदर्शनकारी महिलाओं और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वितरण प्रक्रिया में भारी अनियमितता बरती गई है:
- चहेतों में बांटी तीन दर्जन शीट: कंचन देवी, सुनीता देवी, फुल कुमारी देवी, संजू देवी, रेशमा देवी, सविता देवी, मानती देवी और मुनमुन देवी का कहना था कि वार्ड सदस्या के पुत्र ने स्थानीय राजस्व कर्मी के साथ सांठगांठ कर करीब तीन दर्जन पॉलिथीन शीट अपने करीबी लोगों में बांट दी.
- हकदार परिवार वंचित: दर्जनों गरीब और जरूरतमंद परिवार राहत सामग्री से पूरी तरह वंचित रह गए, जिससे गांव में आक्रोश पनप रहा है.
- प्रशासन से जांच की मांग: पीड़ित ग्रामीणों ने प्रखंड व अनुमंडल स्तरीय वरीय प्रशासनिक अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है.
जब बाढ़ का पानी आया ही नहीं तो राहत सामग्री क्यों बंटी: जदयू अध्यक्ष
मामले ने अब राजनीतिक तूल भी पकड़ लिया है. जदयू पंचायत अध्यक्ष लाल बाबू महतो ने प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित आवेदन देकर पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है.
- बिना अनुशंसा वितरण का आरोप: आवेदन में स्पष्ट किया गया है कि उक्त वार्ड में बाढ़ का पानी फैला ही नहीं है.
- समिति की नहीं थी मंजूरी: पंचायत अनुश्रवण समिति ने भी इस क्षेत्र को बाढ़ अथवा आंशिक बाढ़ प्रभावित घोषित करने की कोई अनुशंसा नहीं की थी. ऐसे में सवाल उठता है कि बिना प्रभाव वाले इलाके में किन नियमों के तहत पॉलिथीन शीट आवंटित और वितरित की गईं.
ये भी पढ़ें: सिस्टम की घोर लापरवाही ने ली जान: न बैरिकेडिंग न लाइट, मौत का कुआं बने निर्माणाधीन पुल में गिरी बाइक
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए