समस्तीपुर: दाखिल-खारिज के नाम पर 10 हजार घूस मांगने का आरोप, ब्लॉक ऑफिस में ग्रामीणों का हंगामा

Updated:
विज्ञापन

प्रखंड कार्यालय में लोगों ने किया हंगामा

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

विभूतिपुर अंचल कार्यालय में उस समय हंगामा मच गया जब ग्रामीणों ने दाखिल-खारिज के नाम पर ₹10 हजार की अवैध वसूली का आरोप लगाया. ग्रामीणों का कहना है कि पैसे देने के बाद भी उनका काम नहीं हुआ, जिसके विरोध में उन्होंने प्रदर्शन किया.

विज्ञापन

विभूतिपुर: समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर अंचल कार्यालय में बुधवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब टभका गांव से पहुंचे ग्रामीणों ने दाखिल-खारिज के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए कार्यालय परिसर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया. ग्रामीणों का आरोप है कि कंप्यूटर ऑपरेटर ने उनका काम कराने के बदले ₹10 हजार की मांग की, लेकिन राशि देने के बाद भी दाखिल-खारिज की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई.

विज्ञापन

कंप्यूटर ऑपरेटर पर गंभीर आरोप

ग्रामीणों का कहना है कि अंचल कार्यालय के एक कंप्यूटर ऑपरेटर ने दाखिल-खारिज का काम कराने के लिए ₹10 हजार मांगे थे. आरोप है कि ऑपरेटर ने रकम सीधे लेने के बजाय ब्लॉक चौक स्थित एक दुकानदार के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान करवाया. ग्रामीणों के मुताबिक, उन्हें यह कहकर भुगतान कराया गया कि यह राशि राजस्व अधिकारी के लिए है.

पैसे देने के बाद भी नहीं हुआ काम

ग्रामीणों का आरोप है कि पूरी राशि जमा करने के बावजूद उनका दाखिल-खारिज का काम नहीं हुआ. जब वे दोबारा कार्यालय पहुंचे और पैसे वापस मांगे तो कंप्यूटर ऑपरेटर ने राशि लौटाने से इनकार कर दिया. इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने अंचल कार्यालय परिसर में हंगामा शुरू कर दिया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

अंचल अधिकारी ने जांच का दिया भरोसा

मामले पर अंचल अधिकारी चंद्रशेखर ने बताया कि उन्हें इस संबंध में लिखित शिकायत मिली है. उन्होंने कहा कि यह मामला उनके पदभार संभालने से पहले का बताया जा रहा है. फिर भी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच कराई जाएगी. जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

कार्रवाई की मांग पर अड़े ग्रामीण

घटना के बाद अंचल कार्यालय में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा. ग्रामीणों ने दोषी कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपने पैसे वापस दिलाने की मांग की. फिलहाल पूरे मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू करने की बात प्रशासन की ओर से कही गई है.

यह भी पढे़ं: फरार आरोपी की तलाश में समस्तीपुर पहुंची यूपी पुलिस, जंक्शन के पास छानबीन


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन