Samastipur: रक्षाबंधन पर किसानों को मिला 10.81 लाख का बोनस, 254 किसान हुए लाभान्वित
बोनस वितरण समारोह का शुभारंभ करते अतिथि
समस्तीपुर के विभूतिपुर प्रखंड में सुबावन दुग्ध उत्पादक सहयोग समिति ने 254 किसानों के बीच 7 साल का ₹10.81 लाख बोनस बांटा. इस अवसर पर किसानों को दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और बीमा कराने के लिए प्रोत्साहित किया गया.
Samastipur News: विभूतिपुर प्रखंड के सुरौली गांव स्थित सुबावन दुग्ध उत्पादक सहयोग समिति लिमिटेड में रक्षाबंधन के अवसर पर शुक्रवार को बोनस वितरण समारोह आयोजित किया गया. वर्ष 2019-20 से 2024-25 तक के सात वर्षों का बोनस समिति से जुड़े किसानों के बीच बांटा गया. इस दौरान 254 किसानों को कुल 10 लाख 81 हजार 886 रुपये बोनस के रूप में दिये गये. बोनस राशि मिलने से किसानों में उत्साह देखा गया.
आपके शहर में
254 किसानों के बीच बांटे गये 10.81 लाख रुपये
समारोह की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र महतो ने की, जबकि संचालन पीएन झा ने किया. कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. समिति के सचिव चंदन कुमार ने अतिथियों का चादर, पाग और फूल-माला से स्वागत किया.
वर्षों से समिति से जुड़े किसानों को एक साथ बोनस राशि मिलने से समारोह में उत्साह का माहौल रहा. समिति की ओर से किसानों को दुग्ध उत्पादन और सहकारिता से जुड़कर काम करने के लिए प्रोत्साहित किया गया.
2030 तक 10 लाख लीटर दूध संग्रह का लक्ष्य
मुख्य अतिथि दुग्ध संघ के अध्यक्ष उमेश राय ने कहा कि समिति को मजबूत करने के लिए अध्यक्ष, सचिव और किसानों को मिलकर काम करना होगा. उन्होंने वर्ष 2030 तक 10 लाख लीटर दूध संग्रह का लक्ष्य बताया और कहा कि इसे हासिल करने की दिशा में लगातार प्रयास किया जा रहा है.
उन्होंने पशुओं, किसानों और समिति सचिवों के बीमा की व्यवस्था को लेकर भी प्रयास जारी होने की जानकारी दी. किसानों से अपने पशुओं का बीमा कराने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि सब्सिडी के कारण कम राशि में पशुओं का बीमा कराया जा सकता है और आपदा या दुर्घटना की स्थिति में इसका लाभ मिलेगा.
दूध उत्पादन बढ़ाने पर दिया जोर
दुग्ध संघ के एमडी रविन्द्र कुमार झा ने कहा कि दुग्ध संघ किसानों के सुख-दुख में साथ खड़ा रहने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है. उन्होंने दूध उत्पादन और संग्रह बढ़ाने के लिए किसानों से एकजुट होकर काम करने की अपील की.
निदेशक मंडल सदस्य राजीव कुमार मिश्र ने सहकारिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किसानों से निजी समितियों के बजाय मिथिला दुग्ध समिति से जुड़ने की अपील की.
दूध के दाम में 3 से 5 रुपये बढ़ोतरी की मांग
राजीव कुमार मिश्र ने संघ के अध्यक्ष और एमडी से दूध के मूल्य में प्रति लीटर 3 से 5 रुपये तक बढ़ोतरी की दिशा में प्रयास करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि दूध का बेहतर मूल्य मिलने से अधिक किसान दुग्ध सहकारिता से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित होंगे.
पशुओं के टीकाकरण की अपील
रोसड़ा दुग्ध शीत केंद्र के प्रबंधक डॉ. राजेश कुमार सिन्हा ने पशुपालकों से समय-समय पर पशुओं का टीकाकरण कराने की अपील की. उन्होंने कहा कि नियमित टीकाकरण से पशु स्वस्थ रहेंगे और इससे दुग्ध उत्पादन बेहतर करने में भी मदद मिलेगी.
गीत-संगीत से उत्साहपूर्ण हुआ माहौल
समारोह के दौरान गायिका आरती कुमारी और रामाश्रय दास ने गीत-संगीत की प्रस्तुति दी. उनकी प्रस्तुति से कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण हो गया. दोनों कलाकारों और उनकी मंडली के सदस्यों को समिति की ओर से सम्मानित भी किया गया.
कार्यक्रम में निदेशक मंडल सदस्य ब्रह्मदेव महतो, राम विनोद पंडित, बैजनाथ राय, रामप्यारी देवी, अंजू देवी, पथ पर्यवेक्षक हरेराम यादव, विपणन पर्यवेक्षक अशोक कुमार, समिति के एआई चंदन कुमार समेत बड़ी संख्या में किसान और विभिन्न समितियों के सचिव मौजूद रहे.
समारोह के अंत में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और दुग्ध सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने का संकल्प लिया गया.
यह भी पढ़ें
विभूतिपुर में पुलिस टीम पर हमला, महिला कांस्टेबल की रायफल छीनने का प्रयास, तीन गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए