Samastipur: छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी योग गुरु चंदन बाबा फरार, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
विभूतिपुर थाना
विभूतिपुर में योगाश्रम संचालक चंदन कुमार राय पर बीएड छात्रा से दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगा है. योग शिविर के दौरान छात्रा से बढ़ी नजदीकी के बाद कथित शोषण का मामला सामने आया. छात्रा के चार माह गर्भवती होने की पुष्टि के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.
Vibhutipur News: विभूतिपुर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय शाहपुर बसौना में पदस्थापित शिक्षक सह योगाश्रम खदियाही के संचालक चंदन कुमार राय उर्फ योग गुरु चंदन बाबा पर बीएड की छात्रा से दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगा है. छात्रा के चार माह की गर्भवती होने की बात सामने आने के बाद मामला उजागर हुआ. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपी शिक्षक फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
आपके शहर में
योग शिविर के दौरान छात्रा से बढ़ायी नजदीकी
बताया जाता है कि सिंघियाघाट में आयोजित एक योग शिविर के दौरान आरोपी शिक्षक की छात्रा से नजदीकी बढ़ी. आरोप है कि इसके बाद शिक्षक ने छात्रा को अपने झांसे में लिया और लगातार उसका शारीरिक व मानसिक शोषण करता रहा.
मामले में आरोपी की पत्नी की भूमिका को लेकर भी गंभीर आरोप सामने आये हैं. शिकायत के अनुसार, पटना के एक होटल में आरोपी की पत्नी ने पीड़िता को विश्वास में लेकर अपने पति के साथ रुकने और कथित दुष्कर्म की घटना में सहयोग किया.
पेट में दर्द के बाद जांच में सामने आयी गर्भावस्था
हाल ही में छात्रा के पेट में तेज दर्द होने पर परिजन उसे डॉक्टर के पास लेकर गये. चिकित्सकों की सलाह पर कराये गये अल्ट्रासाउंड में छात्रा के करीब चार माह की गर्भावस्था की जानकारी सामने आयी.
रिपोर्ट सामने आने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई और उन्होंने पुलिस से शिकायत की.
मामला सामने आते ही छुट्टी लेकर फरार हुआ शिक्षक
घटना की भनक लगने के बाद आरोपी शिक्षक 19 और 20 अगस्त को आकस्मिक अवकाश लेकर स्कूल से अनुपस्थित रहा. इसके बाद 21 अगस्त को स्कूल नहीं आया और अनिश्चितकालीन एवं अवैतनिक अवकाश का आवेदन भेज दिया.
इसके बाद से वह फरार बताया जा रहा है.
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापेमारी
पीड़िता की मां की शिकायत पर स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. मामले की जांच कर रहीं सब इंस्पेक्टर आरती कुमारी ने बताया कि आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा. मामले में सामने आये आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी.
यह भी पढ़ें
Samastipur News: पूर्व मुखिया प्रदीप महतो की संदिग्ध मौत, सड़क हादसा या कुछ और? जांच में जुटी पुलिस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए