घूमने के लिए स्कूल से भागे तीन छात्र, आधार कार्ड और बैंक मैसेज से मिला सुराग

Updated:
विज्ञापन

परिजनों के साथ बरामद तीनों छात्र। | Prabhat Khabar Network

समस्तीपुर में घूमने की योजना बनाकर स्कूल से फरार हुए तीन छात्र सिंघिया स्टेशन से सकुशल बरामद किए गए हैं. आधार कार्ड और बैंक मैसेज से मिले सुराग ने उनकी वापसी का रास्ता खोला.

विज्ञापन

Samastipur News: थाना क्षेत्र के मोरसंड पंचायत स्थित किसान उच्च माध्यमिक विद्यालय, मोरसंड से फरार हुए तीनों छात्र सिंघिया क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिए गए. अभिभावकों के संबंधियों ने उन्हें खोजकर सुरक्षित घर पहुंचाया. तीनों छात्र विद्यालय की नौवीं कक्षा में पढ़ते हैं और मोरसंड पंचायत के ही निवासी हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

Pusa News: घूमने की योजना बनाकर स्कूल से निकले

बरामद छात्रों में अजीत कुमार सिंह के पुत्र आयुष कुमार, संजय पंडित के पुत्र रवि किशन तथा दिनेश दास के पुत्र अनुराग कुमार शामिल हैं. छात्रों ने बताया कि उन्होंने दोपहर में ही घूमने की योजना बनाई थी. इसके लिए स्कूल ड्रेस के अलावा दूसरे कपड़े भी बैग में रखे थे, ताकि कोई उन्हें स्कूल का छात्र नहीं समझ सके. तीनों अपने साथ आधार कार्ड भी लेकर आए थे, जिससे ग्राहक सेवा केंद्र से पैसे निकाल सके.

गलत ट्रेन पकड़ने से पहुंचे सिंघिया

छात्रों ने बताया कि स्कूल में किताबों का बैग और साइकिल छोड़कर वे ऑटो से समस्तीपुर स्टेशन पहुंचे. वहां पूसा रोड जाने वाली ट्रेन की जगह गलती से रोसड़ा की ओर जाने वाली ट्रेन में बैठ गए. जब ट्रेन दूसरी दिशा में जाने लगी तो वे सिंघिया स्टेशन पर उतर गए. रात स्टेशन के सामने मैदान में बिताई और होटल में खाना खाया.

बैंक मैसेज बना बरामदगी का सुराग

गुरुवार सुबह दो छात्रों ने ग्राहक सेवा केंद्र से 500-500 रुपये निकाले. राशि निकासी का मैसेज अभिभावकों के मोबाइल पर पहुंचा. इसके बाद समाजसेवी रामकुमार एवं कृष्ण कुमार सिंह ने आसपास के संबंधियों से संपर्क किया. संबंधियों ने सिंघिया स्टेशन के पास तीनों छात्रों को खोज लिया और सुरक्षित घर ले आए.

रातभर परेशान रहे परिजन

इधर विद्यालय बंद होने के बाद स्कूल परिसर में छात्रों का बैग और साइकिल मिलने पर गार्ड ने अभिभावकों को सूचना दी. इसके बाद परिजन रातभर बच्चों की तलाश में जुटे रहे और पुलिस को भी सूचना दी गई. सुबह छात्रों के सकुशल मिलने की खबर से परिवार और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन