समस्तीपुर: जहरीली शराब पीने से मजदूर की मौत, बेटे ने लगाया गंभीर आरोप

मौके पर जुटे स्थानीय लोग
Samastipur News: समस्तीपुर के साहिट गांव में एक मजदूर की संदिग्ध मौत को लेकर विवाद गहरा गया है. परिजनों ने जहरीला पेय पीने से मौत का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने बीमारी से मौत होने की बात कही है. मामले को लेकर जांच और चर्चाएं जारी हैं. जानिए खबर विस्तार से…
समस्तीपुर से गिरिजा नंदन की रिपोर्ट
Samastipur News: समस्तीपुर जिले के साहिट गांव में एक मजदूर की संदिग्ध मौत को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. मृतक के परिजनों का आरोप है कि जहरीला पेय पीने से उसकी मौत हुई, जबकि पुलिस का कहना है कि युवक की मृत्यु बीमारी के कारण हुई है. घटना के बाद वायरल वीडियो और स्थानीय लोगों के दावों ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है.
बेटे ने जहरीले पेय से मौत का लगाया आरोप
मृतक की पहचान वार्ड 13 निवासी भुनेश्वर महतो के पुत्र रामप्रीत महतो उर्फ टिलटील के रूप में हुई है. मृतक के पुत्र मोनू कुमार ने वायरल वीडियो में आरोप लगाया कि उनके पिता रोज की तरह साहिट गांव के वार्ड सात स्थित मुसहरी मोहल्ले में पेय पदार्थ पीने गए थे. शनिवार को उन्हें जहरीला पेय पिलाया गया, जिससे उनकी मौत हो गई. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मौत के बाद शव को बांसबाड़ी में फेंक दिया गया, ताकि घटना के वास्तविक कारणों को छिपाया जा सके.
पुलिस ने बीमारी से मौत की कही बात
थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत बीमारी के कारण हुई है. पुलिस ने मामले में आवश्यक जांच की है. हालांकि, परिजनों के आरोप और वायरल वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
अवैध देसी शराब के कारोबार पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का दावा है कि संबंधित मुसहरी मोहल्ले में कई घरों में लंबे समय से अवैध देसी शराब बनाई और बेची जाती है. उनका आरोप है कि नौसादर, गुड़ और अन्य सामग्री से तैयार किए जाने वाले कथित देसी शराब का खुलेआम कारोबार होता है. लोगों ने इस अवैध धंधे पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










