समस्तीपुर में 15 दिन से पानी बंद, गुस्साए लोगों ने ताजपुर रोड जाम कर जलाया टायर

Updated:
विज्ञापन

पेयजल समस्या को लेकर सड़क जाम करते लोग | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

समस्तीपुर में 15 दिन से पेयजल आपूर्ति ठप होने से स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. वार्ड 29 के निवासियों ने ताजपुर रोड जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और नगर निगम प्रशासन से खराब मोटर पंप की जल्द मरम्मत की मांग की.

विज्ञापन

समस्तीपुर: नगर निगम क्षेत्र के चांदोपट्टी मोहल्ला स्थित वार्ड 29 में करीब 15 दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित रहने से सोमवार को स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा. पानी की समस्या से परेशान वार्डवासियों ने सुबह महादेव स्थान के समीप बांस-बल्ला लगाकर ताजपुर रोड को जाम कर दिया. इस दौरान आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. सड़क जाम के कारण मार्ग पर कुछ देर के लिए आवागमन बाधित रहा.

विज्ञापन

मोटर पंप खराब होने से 15 दिन से पानी की आपूर्ति ठप

प्रदर्शन कर रहे स्थानीय लोगों ने बताया कि चांदोपट्टी मोहल्ले में नल-जल योजना से जुड़े मोटर पंप के खराब होने के कारण करीब 15 दिनों से घरों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप है. लंबे समय से पानी नहीं मिलने के कारण मोहल्ले के लोगों को दैनिक कार्यों में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

पेयजल की जरूरत पूरी करने के लिए लोगों को दूसरे स्थानों से पानी लाना पड़ रहा है. इससे खासकर रोजमर्रा के कामकाज में काफी परेशानी हो रही है.

शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप

वार्डवासियों का आरोप है कि पेयजल संकट की समस्या से स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया था. इसके बावजूद अब तक समस्या के समाधान के लिए अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गयी.

लोगों ने कहा कि लगातार शिकायत करने के बाद भी जब पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो उन्हें सड़क पर उतरकर विरोध करने के लिए मजबूर होना पड़ा.

पुलिस और वार्ड प्रतिनिधि ने समझाकर हटाया जाम

इधर, सड़क जाम की सूचना मिलने पर पुलिस और वार्ड प्रतिनिधि सुनील राम मौके पर पहुंचे. काफी मशक्कत के बाद प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया गया.

इसके बाद लोगों ने सड़क से बांस-बल्ला हटाया और आवागमन फिर से शुरू हो गया.

खराब मोटर पंप की जल्द मरम्मत की मांग

स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से खराब मोटर पंप की जल्द मरम्मत कराने और पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है. साथ ही लोगों ने पानी की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की, ताकि भविष्य में उन्हें अपनी समस्या के लिए सड़क जाम करने को मजबूर नहीं होना पड़े.

यह भी पढ़ें

राजेंद्र पुल के काम से 4 अक्टूबर तक कई ट्रेनें रद्द और डायवर्ट, देखें पूरी सूची

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन