समस्तीपुर में रेलवे संपत्ति चोरी का खुलासा, दो चोरों समेत सामान खरीदने वाला दुकानदार गिरफ्तार
प्रतीकात्मक AI तस्वीर
समस्तीपुर में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने DRM कार्यालय से जनरेटर केबल और AC कॉपर पाइप चोरी के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है. चोरी का सामान खरीदने वाले एक बर्तन दुकानदार को भी RPF ने पकड़ा है. घटना के खुलासे के बाद कई चोरी के सामान बरामद किए गए हैं.
समस्तीपुर: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने रेल संपत्ति चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है. दोनों की निशानदेही पर चोरी का सामान खरीदने वाले घोष लेन स्थित एक बर्तन दुकानदार को भी RPF ने पकड़ा है. कार्रवाई के दौरान रेलवे के कॉपर वायर, केबल, AC के कॉपर पाइप समेत कई सामान बरामद किये गये.
आपके शहर में
DRM कार्यालय से जनरेटर का केबल काटकर चोरी
RPF को वरीय अनुभाग अभियंता, विद्युत, वाह्य समस्तीपुर की ओर से सूचना मिली थी कि मंडल रेल प्रबंधक (DRM) कार्यालय स्थित डीजी सेट रूम में लगे जनरेटर का कॉपर केबल और अन्य केबल किसी अज्ञात व्यक्ति ने काटकर चोरी कर लिया है.
सूचना के बाद RPF पोस्ट समस्तीपुर से सउनि शशिकांत तिवारी मौके पर पहुंचे. निरीक्षक प्रभारी अविनाश क्रोशिया के साथ CCTV फुटेज की जांच की गयी. फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति जनरेटर के पास लगे केबल को काटकर ले जाता दिखाई दिया. इसके बाद अपराध आसूचना शाखा की टीम को भी जांच में लगाया गया.
मालगोदाम चौक के पास दो युवक पकड़े गये
RPF के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने मालगोदाम चौक स्थित रेलवे उपरगामी पुल के नीचे झाड़ियों में दो संदिग्ध युवकों को घेरकर पकड़ा. पूछताछ में एक ने अपना नाम हिमांशु कुमार उर्फ कुकु, निवासी बारह पत्थर, वार्ड संख्या 35, नगर थाना क्षेत्र, समस्तीपुर बताया.
उसके पास मौजूद प्लास्टिक के बोरे से करीब सात मीटर 1.5 एमएम पीले रंग का कॉपर वायर, छह मीटर 1.5 एमएम लाल रंग का कॉपर वायर, रेलवे में उपयोग होने वाला एल ब्रेकेट, दो फिस बोल्ट, एक रेल क्लोजर, दो पेंड्रोल क्लिप और रेलवे कोच में उपयोग होने वाला एक ईएफटी चार्जिंग प्लेट बरामद किया गया.
दूसरे युवक ने अपना नाम सुनील कुमार उर्फ शूटर, उम्र करीब 23 वर्ष, निवासी बारह पत्थर, वार्ड संख्या 35 बताया. उसके बोरे से करीब 20 मीटर 6 एमएम कॉपर वायर, 18 मीटर 10 एमएम कॉपर वायर, दो पेंड्रोल क्लिप, स्प्लिट एसी में इस्तेमाल होने वाला कॉपर पाइप, दो मोटे कॉपर पाइप और करीब चार मीटर कॉपर वायर बरामद किया गया.
पूछताछ में DRM कार्यालय से केबल चोरी की बात बतायी
RPF के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों युवकों ने DRM कार्यालय से जनरेटर का तार काटने की बात स्वीकार की. दोनों ने यह भी बताया कि इससे पहले वे AC के पाइप और तार भी चोरी कर चुके हैं और चोरी का सामान घोष लेन स्थित गोलू कुमार की बर्तन दुकान में बेचते थे.
इसके बाद RPF टीम स्थानीय नगर थाना पुलिस के सहयोग से घोष लेन स्थित गोलू कुमार की दुकान पर पहुंची. पूछताछ के दौरान सुनील कुमार ने दुकान के पीछे सीढ़ी के नीचे रखे चोरी के सामान की पहचान की.
RPF के अनुसार, वहां से करीब तीन किलो मोटा और पतला कॉपर पाइप, करीब चार मीटर 8 एमएम कॉपर वायर और करीब आधा मीटर 10 एमएम कॉपर वायर बरामद हुआ. पूछताछ में गोलू कुमार ने उक्त सामान सुनील कुमार से खरीदने की बात स्वीकार की.
दुकान का सामान भाई को जिम्मेनामा पर सौंपा
RPF ने गोलू कुमार को दोपहर करीब 2:40 बजे अपने कब्जे में लिया. छापेमारी और तलाशी की कार्रवाई पूरी करने के बाद दुकान में मौजूद सामान, नकदी आदि को दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में गोलू कुमार के भाई विक्की कुमार को जिम्मेनामा बनाकर सुपुर्द कर दिया गया.
यह भी पढ़ें
समस्तीपुर: ऑपरेशन अमानत के तहत RPF ने ट्रेन में छूटा यात्री का सामान लौटाया
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए