Samastipur: पूसा में ठेकेदारी के नाम पर 14 लाख की ठगी, सरपंच पति समेत दो पर प्राथमिकी
पूसा थाना
समस्तीपुर के पूसा में ठेकेदारी, जमीन और प्रशासनिक पैरवी के नाम पर 14 लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़ित सुनील कुमार की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी और सरपंच पति के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
Samastipur News: पूसा थाना क्षेत्र के हरपुर महमदा में ठेकेदारी, जमीन और प्रशासनिक पैरवी के नाम पर करीब 14 लाख रुपये की ठगी किये जाने का मामला सामने आया है. महमदा वार्ड संख्या तीन निवासी सुनील कुमार के आवेदन पर पुलिस ने मुख्य आरोपी अजित कुमार और सरपंच पति रंजीत झा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
आपके शहर में
दाखिल-खारिज कराने के नाम पर लिये रुपये
प्राथमिकी के आवेदन में सुनील कुमार ने आरोप लगाया है कि पूसा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गौरा निवासी अजित कुमार ने अंचलाधिकारी से पैरवी कराकर केबाला जमीन का दाखिल-खारिज कराने के नाम पर रुपये लिये.
आरोप के अनुसार 22 फरवरी 2025 को अजित कुमार ने अपनी पत्नी के फोन-पे खाते में आठ हजार रुपये लिये. इसके बाद 26 फरवरी 2025 को वह सुनील कुमार के आवास महमदा पहुंचा और 75 हजार रुपये नकद लिये. उस समय उसके साथ हरपुर महमदा पंचायत के मादापुर छपरा निवासी सरपंच पति रंजीत कुमार झा भी मौजूद थे.
करीब 14 लाख रुपये लेने का आरोप
आवेदक का आरोप है कि अलग-अलग काम कराने के नाम पर आरोपितों ने उनसे कुल करीब 14 लाख रुपये लिये. इसके बाद अवैध हस्ताक्षरयुक्त चेक देने के लिए भी उन्हें मजबूर किया गया.
सुनील कुमार ने पुलिस को बताया कि अजित कुमार के बारे में जानकारी जुटाने पर पता चला कि उसने कथित तौर पर कई लोगों से ठेकेदारी, नौकरी, जमीन की खरीद-बिक्री और प्रशासनिक सहायता दिलाने के नाम पर रुपये लिये हैं.
पूरे मामले की जांच में जुटी पुलिस
पूसा थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. थानाध्यक्ष के अनुसार कथित गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और पूरे मामले का पर्दाफाश करने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए