स्वास्थ्य केंद्रों पर एनसीडी स्क्रीनिंग की जांच: खैरी केंद्र का प्रदर्शन असंतोषजनक, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने दी चेतावनी
स्वास्थ्य केंद्र पर संचालित एनसीडी कार्यक्रम का निरीक्षण करते प्रभारी डॉ राकेश कुमार सिंह | Prabhat Khabar Network
पूसा के स्वास्थ्य केंद्रों पर एनसीडी स्क्रीनिंग की प्रगति का जायजा लिया गया। लापरवाही बरतने पर एएनएम को कार्य में सुधार लाने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
एनसीडी स्क्रीनिंग जांच: प्रखंड में चल रहे गैर-संचारी रोग (एनसीडी) स्क्रीनिंग कार्यक्रम की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लेने के लिए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पूसा डॉ राकेश कुमार सिंह एवं प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक पूसा फजले के द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के क्रम में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल खुली और कई जगहों पर सुधार के कड़े निर्देश दिए गए.
हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर गंगापुर का कार्य पाया गया संतोषप्रद
निरीक्षण टीम ने सबसे पहले हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर गंगापुर का जायजा लिया. यहां सीएचओ पुष्पांजलि कुमारी के नेतृत्व में एनसीडी स्क्रीनिंग का कार्य बेहद संतोषप्रद पाया गया. निरीक्षण टीम ने कार्य की सराहना करते हुए इसी प्रकार बेहतर तरीके से कार्य जारी रखने का निर्देश दिया. इसके बाद बथुआ आंगनबाड़ी केंद्र पर संचालित एनसीडी कार्यक्रम का निरीक्षण किया गया, जहां रीता कुमारी, सीता कुमारी एवं दिव्या उपस्थित मिलीं.
खैरी केंद्र के कामकाज पर नाराजगी, संबंधित एएनएम को मिली चेतावनी
दौरे के दौरान खैरी में संचालित एनसीडी कार्यक्रम का निरीक्षण बिल्कुल भी संतोषप्रद नहीं पाया गया. इस पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित एएनएम को कार्य में आवश्यक सुधार लाने के निर्देश दिए गए. अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि एनसीडी स्क्रीनिंग कार्य को पूरी गंभीरता और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए. इसके अतिरिक्त अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गंगापुर तथा बथुआ का भी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा बारीकी से निरीक्षण किया गया.
30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की स्क्रीनिंग पर विशेष जोर
इस निरीक्षण के दौरान प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक (बीसीएम) शमीम असगर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे. स्वास्थ्य विभाग द्वारा एनसीडी कार्यक्रम के तहत 30 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के लोगों की स्क्रीनिंग पर विशेष जोर दिया जा रहा है. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गैर-संचारी रोगों की समय रहते पहचान करना है ताकि मरीजों को आवश्यक उपचार और उचित चिकित्सा परामर्श समय पर उपलब्ध कराया जा सके.
ये भी पढ़ें: बाढ़ के बाद आफत की बारिश: तंबुओं में कैद हुए हजारों विस्थापित, राशन खत्म और सड़ांध से बीमारी का खतरा
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए