Samastipur: बंद मकान का ताला तोड़ लाखों की चोरी, सोने-चांदी के जेवर व नकद ले उड़े बदमाश, 3 संदिग्ध हिरासत में
मुफस्सिल थाना
समस्तीपुर के मूसापुर में बदमाशों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. परिवार के पैतृक गांव जाने के दौरान हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है.
Samastipur News: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मूसापुर मोहल्ला स्थित वार्ड 28 में बदमाशों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, नकद और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिये. घटना 20 अगस्त की रात की बतायी जा रही है. गृहस्वामी ब्रजेश कुमार चौधरी की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है.
आपके शहर में
पैतृक गांव गया था परिवार, बंद मकान में हुई चोरी
गृहस्वामी ब्रजेश कुमार चौधरी के अनुसार घटना के समय वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ चकमेहसी थाना क्षेत्र के श्रीनाथ पारण स्थित अपने पैतृक गांव गये हुए थे. इसी दौरान बदमाशों ने उनके मूसापुर स्थित मकान को निशाना बनाया.
चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया. इसके बाद कमरों में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकद रुपये और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गये.
पड़ोसियों से मिली घटना की जानकारी
अगले दिन आसपास के लोगों से मकान में चोरी की जानकारी मिलने के बाद गृहस्वामी मूसापुर पहुंचे. घर की स्थिति देखने के बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन संदिग्ध हिरासत में
पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधियां नजर आयीं. इसके बाद पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिये गये संदिग्धों में दो दुधपुरा गांव के रहने वाले बताये जा रहे हैं.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में संदिग्धों से घटना को लेकर कुछ अहम जानकारी मिली है. इसके आधार पर चोरी गये सामान की बरामदगी और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक किसी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है.
यह भी पढ़ें
Samastipur News: ठेकेदारी और जमीन के नाम पर 14 लाख की ठगी, सरपंच पति समेत दो पर प्राथमिकी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए