समस्तीपुर: आज से नगर निकाय कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, सफाई और जलापूर्ति सेवाएं हो सकती हैं प्रभावित

Updated:
विज्ञापन
शहर में मसाल जुलूस निकालते नगर निगम के सफाई कर्मी | Prabhat Khabar Network

शहर में मसाल जुलूस निकालते नगर निगम के सफाई कर्मी | Prabhat Khabar Network

समस्तीपुर में अपनी मांगों को लेकर नगर निकाय के सफाई और संविदा कर्मियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया है, जिससे शहर की आवश्यक सेवाएं प्रभावित होंगी।

विज्ञापन

समस्तीपुर: जिले के नगर निकायों में कार्यरत दैनिक सफाई कर्मी, संविदा, आउटसोर्सिंग और ठेका कर्मी गुरुवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे. राज्य संघ के आह्वान पर स्थानीय निकाय कर्मचारी संघ के बैनर तले समस्तीपुर नगर निगम सहित जिले के सभी नगर निकायों में कर्मचारी कार्य का बहिष्कार करेंगे. हड़ताल के कारण शहर की सफाई, जलापूर्ति, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था और राजस्व संग्रहण जैसी आवश्यक सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है.

मशाल जुलूस निकालकर जताया विरोध

हड़ताल की पूर्व संध्या पर बुधवार को नगर निगम के दैनिक सफाई कर्मियों ने अपनी मांगों के समर्थन में शहर में मशाल जुलूस निकाला. जुलूस नगर निगम कार्यालय से शुरू होकर नगर भवन, स्टेडियम गोलंबर, समाहरणालय और सदर अनुमंडल कार्यालय होते हुए पुनः नगर भवन पहुंचकर समाप्त हुआ. इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की.

कर्मचारियों ने गिनाईं अपनी समस्याएं

जुलूस का नेतृत्व संगठन के सम्मानित अध्यक्ष जीवछ पासवान ने किया. उन्होंने कहा कि नगर निकायों के स्थायी, दैनिक, संविदा, आउटसोर्सिंग और ठेका कर्मी वर्षों से शहरवासियों को सफाई, जलापूर्ति, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था और राजस्व संग्रहण जैसी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं. इसके बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है.

वार्ता बेनतीजा, इसलिए हड़ताल का फैसला

जीवछ पासवान ने बताया कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार और निकाय प्रशासन के साथ कई दौर की वार्ता हुई, लेकिन कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया. इसी के विरोध में बिहार लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन और स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लिया गया है.

इन सेवाओं पर पड़ सकता है असर

हड़ताल के कारण समस्तीपुर नगर निगम सहित जिले के अन्य नगर निकायों में कचरा उठाव, सड़क सफाई, पेयजल आपूर्ति, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट रखरखाव और राजस्व संग्रहण जैसी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं. प्रदर्शन में संगठन के अध्यक्ष राजकुमार समेत बड़ी संख्या में दैनिक सफाई कर्मी शामिल हुए.

यह भी पढे़ं: मोरवा: बेटे ने कुल्हाड़ी से काटकर की पिता की निर्मम हत्या, पीड़ित मां ने बेटे और बहू पर दर्ज कराई प्राथमिकी


विज्ञापन
Ankur Kumar

लेखक के बारे में

By Ankur Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन