अतिक्रमण की गिरफ्त में मॉडल विद्यालय सखवा का परिसर, खेल मैदान में लगा गोबर और जलावन का ढेर
फोटो संख्या : 5 परिसर में जमा कचरा | Prabhat Khabar Network
बिथान के सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालय सखवा का परिसर अतिक्रमण और गंदगी से जूझ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
School encroachment: समस्तीपुर जिले के बिथान प्रखंड क्षेत्र स्थित 'सरस्वती विद्या निकेतन सह मॉडल विद्यालय, सखवा' का परिसर इन दिनों भारी अतिक्रमण और अव्यवस्था की चपेट में है. विद्यालय के खेल मैदान की स्थिति बेहद नारकीय बन चुकी है, जहां जगह-जगह गोबर के ढेर और जलावन की लकड़ियां रखी हुई हैं. पूरे परिसर में गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य और पढ़ाई के वातावरण पर बुरा असर पड़ रहा है.
चारदीवारी न होने से सुरक्षा पर उठे सवाल
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में बाउंड्री वॉल (चारदीवारी) नहीं होने के कारण कोई भी असामाजिक या स्थानीय व्यक्ति किसी भी समय परिसर और खेल मैदान में प्रवेश कर जाता है. चारदीवारी के अभाव में न केवल स्वच्छता प्रभावित हो रही है, बल्कि विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.ग्रामीणों ने बताया कि कुछ समय पूर्व विद्यालय के उद्घाटन के दौरान भी अतिक्रमण का मुद्दा जोर-शोर से उठाया गया था. उस समय विरोध दर्ज कराने पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक धरातल पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है.
भूमि नापी के लिए सीओ को दिया गया आवेदन: एचएम
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक कामेश्वर यादव ने बताया कि विद्यालय की जमीन की नापी कराने और सीमांकन के लिए अंचलाधिकारी (सीओ) को लिखित आवेदन दिया गया है.इसके अलावा, परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से भी सहयोग की अपील की गई है. उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही प्रशासनिक स्तर पर नापी कराकर अतिक्रमण हटाया जाएगा.
जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई: बीईओ
वहीं, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) मनोज कुमार झा ने बताया कि इस मामले की विस्तृत जानकारी ली जा रही है. स्थल जांच के बाद आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि विद्यालय परिसर को पूरी तरह अतिक्रमणमुक्त कर सुव्यवस्थित बनाया जा सके.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए