समस्तीपुर: विधानसभा में विधायक अजय कुमार ने उठाए नल-जल, सड़क और मानदेय के मुद्दे

विधानसभा में अपनी बात रखते विधायक | Prabhat Khabar Network
विभूतिपुर के विधायक अजय कुमार ने बिहार विधानसभा में क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया है. उन्होंने नल-जल योजना की खस्ताहाल स्थिति, सड़क निर्माण, वार्ड सदस्यों के परिजनों को मुआवजा और ग्राम कचहरी सचिवों के मानदेय वृद्धि जैसे अहम विषयों पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया है.
Samastipur News: बिहार विधानसभा के सदन में विभूतिपुर के विधायक अजय कुमार ने क्षेत्र की जनता से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को तारांकित प्रश्नों के माध्यम से उठाया. उन्होंने हर घर नल का जल योजना की बदहाली, सड़क निर्माण, वार्ड सदस्य के परिजनों को मुआवजा तथा ग्राम कचहरी सचिवों के मानदेय सहित कई विषयों पर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया.
हर घर नल का जल योजना की बदहाली का उठाया मुद्दा
विधायक अजय कुमार ने कहा कि विभूतिपुर क्षेत्र में हर घर नल का जल योजना की स्थिति संतोषजनक नहीं है. उन्होंने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग करते हुए सरकार से आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया.
वार्ड सदस्य के परिजनों को मिलेगा मुआवजा
विधायक ने बताया कि कल्याणपुर उत्तर पंचायत के वार्ड सदस्य दिनेश दास का पद पर रहते हुए निधन हो गया था, लेकिन उनके परिजनों को सरकार द्वारा निर्धारित मुआवजा नहीं मिला था. उन्होंने यह मामला विधानसभा में उठाया, जिसके बाद परिजनों को निर्धारित मुआवजा देने की स्वीकृति मिल गई.
दो सड़कों के पक्कीकरण की मांग
सदन में विधायक ने विभूतिपुर प्रखंड की महथी दक्षिण पंचायत के वार्ड संख्या 4 स्थित दुर्गा मंदिर के समीप से सिंघिया बुजुर्ग दक्षिण पंचायत के वार्ड संख्या 6 स्थित अनुसूचित जाति टोला तक जाने वाली कच्ची सड़क के पक्कीकरण की मांग की.
इसके अलावा भुसवर पंचायत के वार्ड संख्या 8 स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय से दास टोला तक जाने वाली सड़क को भी पक्का कराने की मांग सरकार के समक्ष रखी.
ग्राम कचहरी सचिवों का मानदेय बढ़ाने की मांग
विधायक अजय कुमार ने ग्राम कचहरी सचिवों का मासिक मानदेय 9 हजार रुपये से बढ़ाकर 30 हजार रुपये करने तथा उनकी सेवा को स्थायी करने की मांग भी विधानसभा में उठाई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










